यात्रियों की भीड़ बढ़ा मनमाना किराया वसूल रहे ऑटो चालक
संवाद सूत्र महेशपुर (पाकुड़) कोरोना काल में ऑटो चालक यात्रियों से मनमाना किराया वसूल र
संवाद सूत्र, महेशपुर (पाकुड़): कोरोना काल में ऑटो चालक यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। सबसे अधिक समस्या महेशपुर से पश्चिम बंगाल के मुराराई, महेशपुर से बड़कियारी, महेशपुर से शहरग्राम चौक एवं महेशपुर से गुम्मामोड़ जाने वाले मार्ग पर हो रही है। प्रशासन में शिकायत के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने से ऑटो चालकों के हौसले बुलंद हैं। इस मार्गों पर ऑटो का संचालन होता है। कोरोना काल में भी ऑटो संचालन में गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा है, लेकिन किराया बढ़ा दिया गया है।
प्रशासन ने ऑटो को संचालित करते समय शारीरिक दूरी के नियमों का पालन व सैनिटाइजर के प्रयोग की हिदायत दे रखी है। बावजूद इसके नियमों की अनदेखी की जा रही है। यात्री राजेश कुमार, गौरव कुमार, आनंद राज आदि ने बताया कि वर्तमान में ऑटो चालक यात्रियों से दोगुना किराया वसूल रहे हैं। जबकि इन वाहनों में शारीरिक दूरी के नियमों का पालन भी नहीं हो रहा है। कई बार किराये को लेकर यात्रियों व ऑटो चालकों में विवाद भी हो चुका है। यात्रियों ने बताया कि इन सभी मार्ग पर ऑटो चालकों की मनमानी सबसे ज्यादा है। पहले जितनी दूरी के ऑटो चालक दस रुपये लेते थे। अब उस दूरी के 20 से 30 रुपये तक वसूल रहे हैं। कोट
कोविड 19 की गाइडलाइन का सबको पालन करना है। ऑटो चालक यदि गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे हैं तो ऑटो चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
रितेश जायसवाल
सीओ, महेशपुर।