नियम तोड़ने पर झेलनी होगी आइआरबी की सख्ती
देशव्यापी लॉकडाउन के मद्देनजर जिला व पुलिस प्रशासन हर तरह से सख्ती बरत रही है। इसके बाद भी कुछ लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं।
जागरण संवाददाता, पाकुड़: देशव्यापी लॉकडाउन के मद्देनजर जिला व पुलिस प्रशासन हर तरह से सख्ती बरत रही है। इसके बाद भी कुछ लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। लॉकडाउन की अवधि खत्म होने पर उत्पन्न होने वाले संकट की आशंका को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजीव रंजन सिंह ने जिले के लिए दो कंपनी आइआरबी जवानों को बुलाया है, ताकि विधि-व्यवस्था के संधारण में किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न नहीं हो। जवानों को आवश्यकतानुसार थानों में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक राजीव रंजन सिंह ने बताया कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो कंपनी के 200 जवानों को बुलाया गया है। उक्त जवानों को मुफस्सिल, नगर सहित जरूरत के हिसाब से अन्य थानों में भेज दिया गया है। आइआरबी के जवान लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटेंगे। लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है। एसपी ने कहा कि लॉकडाउन की अवधि समाप्त होने पर विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है। इसलिए व्यवस्था बनाए रखने के लिए आइआरबी जवानों को बुलाया गया है।
उन्होंने अपील की कि लॉकडाउन का उल्लंघन किसी भी सूरत में ना करें। लॉकडाउन की अवधि समाप्त होने के बाद भी शांति बनाएं रखें। पुलिस ने अपनी ओर से सारी तैयारियां पूरी कर ली है। अगर इस अवधि के बाद भी कोई कानून को अपने हाथ में लेता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने लोगों से सहयोग की अपील की।