उपायुक्त ने महेशपुर के दो मुखिया को किया निलंबित
महेशपुर(पाकुड़): उपायुक्त दिलीप कुमार झा ने महेशपुर प्रखंड के अस्कंधा की मुखिया सुशीला
महेशपुर(पाकुड़): उपायुक्त दिलीप कुमार झा ने महेशपुर प्रखंड के अस्कंधा की मुखिया सुशीला सोरेन और सीतारामपुर पंचायत के मुखिया कुल कोड़ा को लापरवाही व नियमों की अनदेखी कर मनमानी करने के आरोप में निलंबित कर दिया है। उपायुक्त ने दोनों ही पंचायतों के मुखिया का सभी अधिकार वहां के उप मुखिया को दे दिया है। दोनों मुखिया के खिलाफ उपायुक्त से शिकायत की गई थी।
सीतारामपुर पंचायत के ग्रामीण संतोष कुमार हेम्ब्रम व राजेश मरांडी ने स्थानीय मुखिया कुल कोड़ा के खिलाफ प्रधानमंत्री आवास योजना और डोभा निर्माण में अनियमितता का परिवाद उपायुक्त के समक्ष दायर किया था। जिसकी जांच प्रखंड के अधिकारियों ने की थी। जांच में आरोप सही पाये जाने पर उपायुक्त ने यह कार्रवाई की है। मुखिया ने पूर्व से पक्का मकान रहते हुए लाभुक दिलीप सोरेन के लिए प्रधानमंत्री आवास की अनुशंसा की थी। साथ ही डोभा निर्माण किए बगैर फर्जी मास्टर रोल दिखाकर रुपये का भुगतान कर दिया। वहीं अस्कंधा की मुखिया सुशीला सोरेन के खिलाफ वहां के उप मुखिया शिवधन टुडू व दस वार्ड सदस्यों ने आरोप लगाया था कि बिना कार्यकारिणी समिति की बैठक कर मनमाने ढंग से बिचौलियों से कार्य कराया गया। उपायुक्त ने दोनों मुखिया से स्पष्टीकरण पूछा परंतु संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उपायुक्त ने दोनों मुखिया को निलंबित करते हुए वहां के उप मुखिया को मुखिया का सभी अधिकार दे दिया। इधर उपायुक्त द्वारा मुखिया के खिलाफ की गई कार्रवाई से भ्रष्टाचार में लिप्त मुखिया व अन्य पंचायत प्रतिनिधियों में हडकंप मच गया है।