आजसू ने फूंका उपायुक्त का पुतला
पाकुड़: आजसू कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को डीसी दिलीप कुमार झा के खिलाफ बाइक रैली निकाली
पाकुड़: आजसू कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को डीसी दिलीप कुमार झा के खिलाफ बाइक रैली निकाली और सड़क के पास उसका पूतला फूंका। रैली की शुरूआत लड्डू बाबू आम बगान से हुई। रैली में शामिल कार्यकर्ता तानाशाह डीसी पाकुड़ छोड़ें सहित कई नारे लगा रहे थे। शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करने के बाद रैली का समापन गोकुलपुर आम बागान के समीप हुआ। जहां कार्यकर्ताओं ने मुख्य सड़क के किनारे डीसी का पुतला दहन किया। मौके पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का नेतृत्व आजसू जिलाध्यक्ष आलोक जॉय पॉल ने किया। इधर आजसू के कार्यक्रम को देखते हुए दंडाधिकारी की रिपोर्ट पर एसडीओ द्वारा नगर थाना क्षेत्र में निषेद्याज्ञा लगा दिया गया था। ताकि आजसू अपना कार्यक्रम नहीं कर सके। बावजूद इसके आजसू कार्यकर्ता बड़ी संख्या में रैली में शामिल हुए।
पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आजसू जिलाध्यक्ष ने कहा पाकुड़ डीसी किसी नियम कानून को नहीं मानते। उन्होंने उपायुक्त पर एनजीटी के आदेश का उल्लंघन करने का भी आरोप लगाया। साथ ही कहा कि सरकार डीसी के चल अचल संपत्ति की सीबीआई जांच कराएं। इधर पुतला दहन कार्यक्रम के शामिल राजद नेता सुरेश अग्रवाल ने भी डीसी के खिलाफ अपनी भड़ास निकाला। उन्होंने कहा कि डीसी कई जांच को दबा कर रखे हुए हैं। उन्होंने डीसी के खिलाफ कई आरोप लगाए। विदित हो कि आजसू और राजद की ओर से डीसी दिलीप कुमार झा के खिलाफ शहर में कई बार पोस्टरबाजी की गई है। इसके पूर्व निषेद्याज्ञा लगने के बाद आजसू के कार्यक्रम स्थल पर दंडाधिकारी सहित पुलिस बल की पुख्ता तैनाती की गई थी। आजसू की रैली के कारण शहर में कुछ देर के लिए यातायात की समस्या उत्पन्न हो गई थी।