श्रद्धा-भक्ति के आगे कोरोना भय दूर
संवाद सहयोगी पाकुड़ जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्ध
संवाद सहयोगी, पाकुड़ : जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा व भक्ति पूर्ण माहौल में मनाया गया। कोरोना के खौफ के बावजूद शनिवार को उदीयमान भगवान भाष्कर को भक्तों ने दूध, गंगाजल और जल से अर्घ्य दिया और अपने व परिवार के कुशलता की कामना की। इसके पहले शुक्रवार को छठ व्रतियों ने आस्तांचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। शहर के टीनबंगला, ठाकुरबाड़ी, कालीभसान शिव मंदिर, शीतला मंदिर, सिधीपाडा, कालिकापूर, तांतीपाडा, नलपोखर, बागतीपाड़ा, गोकुलपुर, कुड़ापाड़ा, कालिकापुर सहित अन्य तालाबों में छठ महापर्व का आयोजन किया गया। छठ पूजा समिति की ओर से छठ व्रतियों के बीच फूल,गंगाजल, दूध व आम के दातुन नि:शुल्क वितरण किया गया। इस महापर्व को लोगों में विशेष उत्साह देखा गया। आस्था के इस महापर्व के उपलक्ष्य पर छठ घाटों एवं शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया था। वहीं सरकार की अपील के बाद इस बार शहर के कई लोगों ने अपने अपने घरों में ही छठ व्रत किया। जहां परिवार के सदस्यों के अलावा आस पास के लोग पहुंचे।
----------
आकर्षण का केंद्र रहा कालीभासान, ठाकुरबाड़ी व टीनबंगला छठ घाट
शहर के बीचोंबीच स्थित ठाकुरबाड़ी व टीनबंगला व कालीभासान छठ घाट को दुल्हन की तरह सजाया गया था । छठ घाट के मुख्यद्वार पर भव्य सूर्य द्वार बनाया गया था। साथ ही ठाकुरबाड़ी व टीनबंगला तथा शीतला मंदिर छठ घाट के मुख्य मार्ग से लेकर छठ घाट के चारों तरफ रंग-बिरंगी लाइटो से पाट दिया गया था,जो दर्शकों व श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा कुड़ापाड़ा तथा कालीभसान छठ घाट को भी भव्य तरीके से सजाया गया था। श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ कालीभसान व ठाकुरबाड़ी छठ घाट पर रही। कालीभसान में तकरीबन 225 व्रतियों ने छठ महापर्व किया।
------
सुरक्षा का था पुख्ता इंतजाम
जिलेभर के सभी छठ घाटों पर सुरक्षा का पुख्ता इंताजाम था। शहर के सभी छठ घाटों पर छठ व्रतियों व श्रद्धालुओं के सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन की ओर से सभी छठ घाटों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी सहित महिला व पुरुष सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। गश्ती दल को भी तैनात किया गया था। पाकुड़ एसडीपीओ व मुख्यालय डीएसपी ने सभी छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।