ढीली पड़ रही लॉकडाउन की कमान
पाकुड़ सोमवार दिन के करीब 12.15 बजे हैं। लॉकडाउन की अवधि में शहर की सभी प्रमुख सड़
पाकुड़ : सोमवार दिन के करीब 12.15 बजे हैं। लॉकडाउन की अवधि में शहर की सभी प्रमुख सड़कें सुनसान रहा करती थी। वाहनों का परिचालन व लोगों की आवाजाही नहीं के बराबर रहती थी। आज इसका नजारा बदला बदला सा दिखा। कई जगहों पर लोग लॉकडाउन में प्रशासन की नजरों में धूल झोकते दिखे। वहीं कई लोग आज भी पूरी ईमानदारी से कोरोना को हराने के लिए लॉकडाउन के नियमों का पालन करते देखे गए।
शहर के गांधीचौक के समीप लॉकडाउन में बंद रहने वाली कुछ दुकानें खुली थीं। दुकानों में खरीददार भी थे। फर्क यह था कि दुकान का सटर पूरी तरह से नहीं उठाया गया था। ऐसे दुकानों में कपड़ा, बिजली, श्रृंगार व इलेक्टॉनिक उपकरण के दुकान थे। लॉकडाउन का उल्लंघन कर कुछ दुकानदार ईद के बाजार का फायदा उठाने से नहीं चूकना चाह रहे हैं। शहर की मुख्य सड़कों के किनारे चार पांच ऐसे दुकान दिखे जो बाहर से गेट बंद कर अंदर से ग्राहक को बैठाकर समान बेचते देखे गए। इसमें कपड़े के कई दुकान शामिल है। इन सब चीजों में शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से शहर की सड़कों पर दुपहिया वाहन भी अधिक दिखने लगे हैं। कई वाहनों में एक से अधिक लोग सवारी करते दिखे। कई चारपहिया वाहन में भी नियमों की अनदेखी कर लोग आवाजाही करते दिखे। कुल मिलाकर कहा जाए तो शहरी क्षेत्र में भी लॉकडाउन की कमान ढीली होती दिखने लगी है। ग्रामीण क्षेत्र का तो हाल पहले से ही बुरा रहा है। वह भी ऐसे समय जब हजारों की संख्या में प्रवासी मजदूर देश के कई प्रदेशों से अपने घर लौटे हैं। इसमें होम क्वारंटाइन कर रहे कई लोगों के बाजार घुमने की बातें सामने आ रही है। बाजार के एक दुकानदार ने कहा कि लॉकडाउन 17 मई तक लगाया गया था। इसके बाद राज्य सरकार ने अभी कोई घोषणा नहीं की है इसको लेकर भी लोगों में संशय का माहौल है।
------------
लॉकडान में सरकार के तय नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। पुलिस इसके लिए लगातार ड्राइव चला रही है। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मणीलाल मंडल, एसपी,पाकुड़