संक्रमण बढ़ा तो हटी सावधानी
पाकुड़ जिले में कोरोना प्रकोप बढ़ता ही जा रही है। पिछले दो दिनों में शहर में दो लो
पाकुड़ : जिले में कोरोना प्रकोप बढ़ता ही जा रही है। पिछले दो दिनों में शहर में दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनके संपर्क में आए पांच दर्जन से अधिक लोगों को प्रशासन ने चिह्नित किया है। दो दर्जन से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है। बावजूद शहरवासी लॉकडाउन के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। सब्जी मार्केट से लेकर हाट बजार में नियमों की धज्जियां उड़ रही है। बाइक चलाने वाले लोग बिना मास्क लगाए घुम रहे हैं। जिले में कोरोना का संक्रमण बढ़ने के साथ यहां लोगों में सतर्कता बरतनी छोड़ दी है। ऐसे में सवाल खड़ा हो रहा है कि हम अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं होंगे तो कोरोना से जंग कैसे जीत पाएंगे।
बता दें कि अनलॉक वन में बाइक पर एक व्यक्ति की सवारी की अनुमति सरकार ने दे रखी है। बावजूद शहर के साथ साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बाइक पर दो ही नहीं तीन-तीन व्यक्ति सवारी कर रहे हैं। इसमें से आधे से अधिक लोग मास्क नहीं लगाते है। गुरुवार को दिन के एक बजे शहर के गांधी चौक, तिरंगा चौक, हाटपाड़ा पर लोगों की गहमा गहमी बनी हुई थी। खरीदारी करने पहुंचे लोगों ने ना तो शरीरिक दूरी का पालन कर रहे थे और ना ही सभी लोग मास्क लगाए थे।
शहर में चलने वाले ऑटो, टोटो में भी लॉकडाउन के नियमों का पालन नहीं होता दिख रहा है। कई ऑटो व टोटो में निर्धारित से अधिक यात्रियों को ढोया जा रहा है। हालांकि मानक के पालन के लिए ऑटो चालकों ने किराया जरूर बढ़ा दिया है।
जांच अभियान चला रही पुलिस :
इधर, लॉकडाउन के पालन के लिए नगर थाना पुलिस बीच-बीच में शहर के प्रमुख चौराहों पर जांच अभियान चलाकर लोगों को मास्क पहनने व लॉकडाउन के पालन करने के लिए प्रेरित करती है। इसका असर लोगों पर कुछ समय के लिए ही दिखता है। इस संबंध में नगर थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने बताया कि लॉकडाउन के नियमों का पालन कर ही कोरोना महामारी पर जीत हासिल कर सकते हैं। लोगों को जागरूक करने का भी काम किया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।