वृद्धा की गला दबाकर हत्या, साक्ष्य छुपाने के लिए जलाया
पाकुड़ : मालपहाड़ी थाना क्षेत्र के नगरनबी में शुक्रवार की रात अधेड़ महिला सरस्वती साहा (60
पाकुड़ : मालपहाड़ी थाना क्षेत्र के नगरनबी में शुक्रवार की रात अधेड़ महिला सरस्वती साहा (60) की गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने आग लगा दिया। जिससे मृतका का शरीर पूरी तरह से जल गया। इसकी सूचना मिलते ही मालपहाड़ी थाना पुलिस शनिवार की सुबह नगरनबी गांव पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस ने वृद्धा की शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका का पुत्र अमर साहा ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव निवासी आशीष मंडल व भाभी दीपाली साहा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गये हैं। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। अमर ने बताया कि मेरी भाभी दीपाली साहा के साथ भवानीपुर निवासी आशीष मंडल का प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ माह पूर्व मेरी भाभी को आशीष मंडल बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। इसके बाद मेरा भाई व दीपाली की पति श्यामल साहा ने आशीष मंडल के खिलाफ मालपहाड़ी थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। सरस्वती साहा व दीपाली का पिता मंटु साहा प्रेम-प्रसंग का विरोध कर रहे थे। इससे आशीष काफी नाराज था। आशीष हमेशा सरस्वती साहा व मंटु साहा को जान से मारने की धमकी देता था। पूर्व में भी आशीष ने मंटु साहा पर जानलेवा हमला किया था। हालांकि इस घटना में मंटु बच गया था। घटना के दिन आशीष व दीपाली मेरे भाई श्यामल का घर आए और मेरी मां सरस्वती देवी की गला दबाकर हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने उनकी शरीर में आग लगा दी।
थाना प्रभारी राजकिशोर मिश्रा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी को छापेमारी चल रही है। आरोपी को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।