सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत
संवाद सूत्र, अमड़ापाड़ा (पाकुड़) : थाना क्षेत्र के लिट्टीपाड़ा-दुमका मुख्य पथ पर छोटापहाड़ा ग
संवाद सूत्र, अमड़ापाड़ा (पाकुड़) : थाना क्षेत्र के लिट्टीपाड़ा-दुमका मुख्य पथ पर छोटापहाड़ा गांव के समीप गुरुवार की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दुमका जिले के धुमनाही गांव निवासी संजय भंडारी (35) की मौत हो गई। वह पत्नी व बच्चे से मिलने अपने ससुराल बासकेंद्री आया था। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक का ससुर बसंत ठाकुर उर्फ विभीषण ठाकुर ने अज्ञात वाहन के चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस तफ्तीश में जुट गई है।
मृतक के ससुर ने बताया कि गुरुवार को वह अपने दामाद के साथ बाइक पर सवार होकर डुमरचीर में लगने वाली साप्ताहिक हाट गया था। उसके बाद बसंत उर्फ विभीषण ठाकुर सैलून में हजामत बनाने लगा। सैलून में देर लगने के कारण बसंत ने अपने दामाद संजय से कहा कि बाइक से घर लौट जाएं, हम ऑटो से आ जायेंगे। ससुर के कहने पर संजय बाइक से बासकेंद्री को रवाना हो गए। छोटापहाड़ गांव पहुंचते ही विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने संजय को धक्का मार दिया। इससे वह जमीन पर गिर पड़ा और घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर थाना प्रभारी शंभुशरण सहाय, प्रशिक्षु एसआइ विजय कुमार दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और छानबीन की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। वाहन व चालक का पता लगाया जा रहा है।