पाकुड़ में प्रलोभन देकर धर्मांतरण का प्रयास, दो गिरफ्तार
Conversion. झारखंड के पाकुड़ में ग्रामीणों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने का प्रयास करते दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के सोनाजोड़ी रविदास टोला के ग्रामीणों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने का प्रयास करते साहिबगंज जिले के बरहड़वा थाना क्षेत्र के झालदिघी निवासी दाउद मालतो व झिकटिया निवासी कृष्ण कुमार को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। रविदास टोला निवासी सुनील रविदास ने दोनों के खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों के पास से एक बाइक भी बरामद की है। इनके पास से धर्मांतरण से संबंधित कुछ कागजात भी जब्त किए गए हैं। पुलिस जांच में जुटी है।
सुनील रविदास ने बताया कि पांच दिन पूर्व से दाउद मालतो व कृष्ण कुमार गांव के बुधु रविदास, रुपचंद रविदास, अरुण रविदास, फुचलु रविदास, धीरन रविदास को सनातन धर्म छोड़ इसाई धर्म अपनाने का दबाव बना रहे थे। इन्हें पैसे का प्रलोभन भी दिया गया था। धर्मांतरण नहीं करने पर आरोपितों ने अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। ग्रामीणों ने आरोपितों ने जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने की सूचना सोनाजोड़ी पंचायत की मुखिया सुसन्ना मरांडी को दी। मुखिया ने नगर थाना पुलिस को फोन से इसकी सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के पूर्व ग्रामीण दोनों से पूछताछ करने लगे।
इस बीच, दोनों आरोपित भागने लगे। ग्रामीणों ने खदेड़ कर दोनों को पकड़ लिया। नगर थाना पुलिस गांव पहुंच मामले की छानबीन की। ग्रामीणों ने दोनों आरोपितों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस निरीक्षक थाना प्रभारी शिवशंकर तिवारी ने बताया कि दोनों साहिबगंज जिला के बरहड़वा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। दोनों सोनाजोड़ी रविदास टोला पहुंच ग्रामीणों पर धर्मांतरण का दबाव बना रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।