सूर्यमुखी की खेती से सुधरेगी किसानों की आर्थिक स्थिति
पाकुड़ : सदर प्रखंड के ईलामी पंचायत के किसानों ने सूर्यमुखी की खेती कर आर्थिक स्थिति को स
पाकुड़ : सदर प्रखंड के ईलामी पंचायत के किसानों ने सूर्यमुखी की खेती कर आर्थिक स्थिति को सुधारने में जुट गए हैं। ईलामी पंचायत में चार किसानों ने मिलकर एक एकड़ जमीन में सूर्यमुखी की फसल लगाई है। सूर्यमुखी की फसल को लहलहाते देखकर किसानों के चेहरे खिल गए हैं। मुखिया मिसफीका के प्रयास से व कृषि विभाग के कृषक पाठशाला से प्रेरित होकर किसानों ने सूर्यमुखी की खेती शुरू की है। उक्त पंचायत की मुखिया मिसफीका ने रविवार को सूर्यमुखी फसल का जायजा लिया। मुखिया ने अपने पंचायत में सूर्यमुखी की फसल लहलहाते देखकर काफी उत्साहित हुई। मुखिया मिसफीका ने बताया कि ईलामी पंचायत में लगातार कृषक पाठशाला का आयोजन किया जा रहा था। कृषक पाठशाला से किसान जागरूक हो रहे हैं। किसान नुरुल शेख, मोजामेल हक, हासीमुद्दीन शेख व नासिर शेख को यह सफलता हासिल हुई है। मुखिया के निर्देश पर पंचायत के कई किसानों ने मिश्रित खेती शुरूकर दी है। कई किसानों ने प्याज की खेती में पंक्तिबद्ध करके खाली जगहों में सूर्यमुखी की खेती शुरू की है। जिससे तेल का उत्पादन बढ़ेगा तथा किसानों की आय भी दुगुनी होगी।