Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Lohardaga Mid Day Meal: लोहरदगा में फूड प्वाइजनिंग से 16 छात्र-छात्राएं बीमार, आनन-फानन में CHC में कराया गया भर्ती

    Lohardaga News लोहरदगा जिले के भंडरा प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुंदो में शुक्रवार को फूड प्वाइजनिंग से 16 बच्चे बीमार हो गए। अभिभावकों ने बताया कि शुक्रवार को विद्यालय में बच्चों को उबला हुआ अंडा दिया गया था। इसे खाने के बाद सभी बच्चे उल्टी करने लगे। बाद में विद्यालय प्रबंधक ने बच्चों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

    By Jagran News Edited By: Prateek Jain Updated: Sat, 06 Jul 2024 02:16 PM (IST)
    Hero Image
    भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाजरत बच्चे।

    जागरण संवाददाता, भंडरा (लोहरदगा)। लोहरदगा जिले के भंडरा प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कुंदो में शुक्रवार को फूड प्वाइजनिंग से 16 बच्चे बीमार हो गए। उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भंडरा पहुंचाया गया। जहां इलाज के बाद सभी बच्चे खतरे से बाहर बताए गए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अभिभावकों ने बताया कि शुक्रवार को विद्यालय में बच्चों को उबला हुआ अंडा दिया गया था। इसे खाने के बाद सभी बच्चे उल्टी करने लगे। बाद में विद्यालय प्रबंधक ने बच्चों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

    विद्यालय में कक्षा एक से आठ तक में 143 बच्चे नामांकित हैं। शुक्रवार को 126 विद्यार्थियों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार किया गया था। अंडा खाने के बाद जब कुछ बच्चों की स्थिति बिगड़ गई तो अन्य बच्चों ने मध्याह्न भोजन नहीं खाया।

    सीएचसी पहुंचे प्रखंड शिक्षा अध‍िकारी

    इधर, बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलते ही प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जयनाथ महतो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने बच्चों तथा शिक्षकों से मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुंदो में अंडा खाने से बच्चों की सेहत बिगड़ी है।

    पीड़ित बच्चों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। उन्होंने कहा कि मामला गंभीर है, इसकी जांच कराई जाएगी। फिलहाल विद्यालय में जो भी अंडा बचा हुआ है उसे जब्त कर लिया गया है।

    सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा के चिकित्सा पदाधिकारी डाक्टर संजय कुमार ने कहा कि मामला पूरी तरह से फूड प्वाइजनिंग का है। बीमार बच्चों के पेट में दर्द के साथ-साथ उल्टी भी हुई है। फिलहाल सभी बच्चे ठीक हैं।

    विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुषमा होरो ने कहा कि भंडरा प्रखंड कार्यालय में बैठक होने के कारण वह स्कूल में नहीं थीं। अंडा खाने से बच्चों की सेहत बिगड़ने की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि भंडरा प्रखंड मुख्यालय से अंडा खरीदकर लाया गया था।

    यह भी पढ़ें - 

    लालू की RJD ने झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले कर दी बड़ी मांग, क्या JMM-Congress कर पाएगी पूरी?

    Jharkhand: गुमला के होटल में घुसी पंजाब पुलिस, छापेमारी की और संचालक को उठा ले गई; जानें पूरा मामला