सड़क हादसे में अपंग हुए युवक ने फांसी लगाकर दी जान Lohardaga News
मृतक 3 महीने पहले सेन्हा प्रखंड मुख्यालय के समीप मोटरसाइकिल दुर्घटना में घायल हो गया था। जिसकी वजह से उसका बायां पैर बेकार हो गया था।
लोहरदगा, जासं। लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना अंतर्गत चमुडू रुगड़ी टोली गांव में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद सेन्हा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया। साथ ही मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में भी जुट गई है। बताया जा रहा है कि सेन्हा थाना क्षेत्र के चमडू रुगड़ी टोली निवासी घुड़ा उरांव का पुत्र उमेश उरांव (20 वर्ष) विगत 3 महीने पहले सेन्हा प्रखंड मुख्यालय के समीप मोटरसाइकिल दुर्घटना में घायल हो गया था। जिसकी वजह से उमेश का बायां पैर बेकार हो गया था।
चल फिर पाने में असमर्थ था युवक
मृतक चल फिर पाने में असमर्थ था। ऐसे में वह घर में ही बैठा रहता था। इस बात को लेकर उमेश काफी मानसिक तनाव में था। बताया जा रहा है कि उमेश ने अपने घर के कमरे में छप्पर के सहारे रस्सी से फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय घर में कोई भी मौजूद नहीं था। जब परिजन घर लौटे तो उमेश के कमरे का दरवाजा बंद पाया। इसके बाद एक बच्चे को दीवार में बने क्षेत्र से अंदर भेज कर दरवाजा खुलवाया गया। उमेश को फांसी के फंदे से झूलता देखकर परिजन हैरान हो गए। तत्काल मामले की सूचना सेन्हा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है।