कुएं से महिला का शव बरामद, प्रेमी पर हत्या का आरोप
लोहरदगा प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संवाद सूत्र, सेन्हा (लोहरदगा) : लोहरदगा जिले के सिन्हा थाना अंतर्गत बरही गांव में एक कुएं से महिला का शव बरामद हुआ है। घटना को लेकर महिला के परिजन उसके कथित प्रेमी पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। आरोपित फरार है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
बरही गांव निवासी स्वर्गीय बैजनाथ महतो की मौत 7 साल पहले करंट की चपेट में आने से हो गई थी। ग्रामीणों बैजनाथ की पत्नी वीणा देवी (40 वर्ष) का कथित तौर पर गांव के ही अघनू महतो के पुत्र संजय महतो के साथ विगत 5 साल से प्रेम प्रसंग था। इस बात को लेकर गांव के लोग और परिजन विरोध भी किया करते थे। मामले को लेकर गांव में दो बार बैठक भी हुई थी। गांव में हुई बैठक में दोनों को कड़ी चेतावनी दी गई थी। बावजूद दोनों के व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं आ रहा था। इसी बीच रविवार शाम से मृतक अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों और मृतक के दो बेटों ने उसकी काफी खोजबीन की। खोजबीन के क्रम में मृतक की चूड़ी गांव के खेत में दिखाई दी। परिजनों ने सेन्हा थाना पहुंचकर महिला के लापता होने की सूचना दी। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने कुएं में शव तैरते देखकर तत्काल मामले की सूचना सेन्हा थाना पुलिस को दी। प्रारंभिक जांच में शव की पहचान बीना देवी के रूप में हुई। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकता है। मौके पर डीएसपी परमेश्वर प्रसाद, पुलिस निरीक्षक केश्वर साहू और सेन्हा थाना प्रभारी सिद्धेश्वर महथा ने घटना स्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की है।