शहर का कचरा गांव में डंप करने पर उबाल, प्रशासन ने संभाला मोर्चा
लोहरदगा : लगता है प्रशासन का रवैया शहरी क्षेत्र में सुविधा उपलब्ध कराने पर ही केंद्रित हो
लोहरदगा : लगता है प्रशासन का रवैया शहरी क्षेत्र में सुविधा उपलब्ध कराने पर ही केंद्रित हो गया है भले ही इसकी कीमत ग्रामीणों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर वसूली जाए। गत एक वर्ष से विरोध के बावजूद शहरी क्षेत्र का कचरा जबरन सदर प्रखंड के ब्राह्मणडीहा और ओयना के सीमावर्ती क्षेत्र में डंप किया जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर बुधवार को ग्रामीण और प्रशासन आमने-सामने हो गए। ग्रामीणों को जैसे ही फिर कूड़ा फेंके जाने की जानकारी मिली बड़ी संख्या में महिलाओं ने लाठी-डंडे के साथ सामने आ गई। वे शहर का बोझ जबरन उनपर डालने का विरोध कर रहीं थीं। महिलाओं का कहना है कि यहां पर कचरा डंप होने से क्षेत्र में बीमारियों का प्रकोप फैलेगा। ये प्रधानमंत्री का कैसा सफाई अभियान है कि शहर की गंदगी हमपर थोपी जा रही है। लेकिन प्रशासन ताकत के बल कूड़ा डंप करने पर अड़ी रही। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि एसडीओ ज्योति झा, डीएसपी अजय कुमार बीडीओ गौतम कुमार भगत, सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक शैलेश प्रसाद, किस्को थाना प्रभारी जगरनाथ उरांव को दल-बल के साथ मौके पर पहुंचना पड़ा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा है कि यहां पर कचरा फेंके जाने को लेकर नियमानुसार सभी कागजात उपलब्ध हैं। ग्रामीण प्रशासन से न उलझें, इसका गंभीर परिणाम हो सकता है। कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई, प्रशासन ने भले रौब दिखा ग्रामीणों को दबा दिया लेकिन विक्षोभ को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर कैंप किए हुए है। क्या है मामला
नगर परिषद ने यहां पर जमीन कचरा डंप करने को लेकर लीज पर ले रखा है। करमा और मोहर्रम के त्योहार को देखते हुए शहर की साफ सफाई जोरों पर है, यहां भारी मात्रा में कचरा डंप किया जा रहा है। जबकि विगत एक साल से इस क्षेत्र में कचरा डंप करने को लेकर ग्रामीण विरोध करते आ रहे हैं।
कोट
करमा और मुहर्रम त्योहार को लेकर कचरा डंप किया जाना है। विरोध को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही प्रशासनिक अधिकारी भी तैनात हैं। हम किसी भी परिस्थिति से निपटने को तैयार हैं। महिला पुलिस बल की भी तैनाती है।
ज्योति झा, एसडीओ-लोहरदगा
कोट
कई घंटे तक समझाने और प्रशासन की सख्ती के बाद ग्रामीण माने। फिर भी पुलिस मौके पर नजर बनाए हुए है।
शैलेश प्रसाद, थाना प्रभारी