पति की दीर्घायु के लिए सुहागिनों ने किया व्रत
लोहरदगा में वट सावित्री की पूजा अर्चना की गई।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : लोहरदगा जिले में शुक्रवार को भक्तिभाव से वट सावित्री की पूजा की गई। पति की दीर्घायु के लिए सुहागिनों ने व्रत किया। सुहाग की सलामती और कोरोना वायरस को हराने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। सजना की जिदगानी के लिए सुहागिनों ने वट सावित्री की पूजा की। कई स्थानों पर सुहागिनों ने मास्क पहन कर और शारीरिक दूरी के नियमों का पालन कर व्रत किया। शहरी क्षेत्र में वट सावित्री की पूजा के दौरान सुहागिन महिलाओं में कोरोना वायरस के संक्रमण का डर नहीं दिखा। इन महिलाओं ने पति के प्रेम में कोरोना के डर को भी मात दे दिया। वट सावित्री पूजा को लेकर शुक्रवार को सुबह-सुबह सुहागिन महिलाएं अपने घरों से निकलकर आसपास में लगे बरगद के पेड़ के नीचे पहुंच गईं और विधि-विधान के साथ बेखौफ तरीके से वट सावित्री का पूजा-अर्चना कर पति के लंबी उम्र की मंगल कामना की। साथ ही परिवार के सुख-समृद्ध के लिए प्रार्थना की।
------------
प्रखंडों में भी हुई पूजा-अर्चना
लोहरदगा : वट सावित्री पूजा को लेकर प्रखंडों में भी पूजा-अर्चना की गई। लोहरदगा के किस्को, भंडरा, कुडू, सेन्हा, भंडरा, कैरो और पेशरार प्रखंड में भी महिलाओ ने भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना की पति की दीर्घायु को लेकर प्रार्थना की। सेन्हा चौक, बक्सीडीपा, कोरांबे, अरु, बदला गांव सहित प्रखंड के विभिन्न गांव में महिलाओं ने वट वृक्ष की पूजा-अर्चना कर अपने पति की लंबी उम्र की कामना की है। कुडू प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में वैश्विक महामारी कोरोना के बचाव के उपायों को बरतने के साथ ही सुहागिनों ने वट-सावित्री की पूजा विधिवत रूप से की। कैरो प्रखंड मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों में सुहागिनों द्वारा वट सावित्री की पूजा-अर्चना किया गया।
भंडरा प्रखंड क्षेत्र के भंडरा, कुम्हारिया, भौंरो, आकाशी, चट्टी, बेदाल सहित अन्य गांवों में शुक्रवार को लॉकडाउन के दौरान भी सुहागिन महिलाओं ने पति की दीर्घायु को ले वट वृक्ष के नीचे पूरे विधि-विधान पूर्वक वट सावित्री की पूजा अर्चना की।