लॉकडाउन में बच्चों का भविष्य संवार रहीं दो सहेलियां
लोहरदगा में बच्चों को पढ़ा रहीं दो बहनें
गफ्फार अंसारी, सेन्हा (लोहरदगा) : लॉकडाउन में हर किसी ने अपने परिवार के भविष्य के बारे में सोचा। परिवार की जरूरतों को पूरा करने को लेकर प्रयास किया। ऐसे में कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो दूसरों के बारे में सोचते हैं। ऐसी ही हैं सेन्हा की दो सहेलियां। जिले के सेन्हा प्रखंड क्षेत्र के बुनियादी विद्यालय मैदान में दो सहेली रूबी कुमारी और राखी कुमारी अपने मुहल्ले के बच्चों को लॉकडाउन के दौरान हर दिन शारीरिक दूरी का पालन करते हुए निश्शुल्क शिक्षा देने का काम कर रही हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास को लेकर उन्हें किताबी शिक्षा देने के साथ-साथ कोरोना संक्रमण से बचने का तरीका भी बता रही हैं। बच्चों को व्यायाम, किताबी शिक्षा, योग, पेंटिग आदि की जानकारी हर दिन एक घंटे दी जाती है। अभिभावक भी रूबी और राखी की पहल की सराहना करती हैं। रूबी कुमारी खुद स्नातक विज्ञन की छात्रा हैं। वह कहती हैं कि लॉकडाउन में छोटे-छोटे बच्चे पढ़ाई भूल जा रहे थे। तब उन्होने बच्चों को पढ़ाने का फैसला लिया। नर्सरी से लेकर कक्षा पांच तक के बच्चों को पढ़ा रही हैं। राखी कुमारी स्नातक करने के बाद घर में रह रही हैं। लॉकडाउन में बच्चों को पढ़ाने से अच्छा लग रहा है। इससे बच्चों को पढ़ाई का लाभ मिलेगा। हम दोनों सहेली मिलकर पढ़ा रही हैं। अभी 30 बच्चे आ रहे हैं। मास्क एव शारीरिक दूरी का पालन कर पढ़ाया जा रहा है। जिससे की बच्चे इधर-उधर न घूमें। दोनों सहेलियां कोरोना से बचने को लेकर जागरूकता अभियान भी चला रही हैं।