देश हित में पौधारोपण जरूरी : चांदमनी
किस्को में दैनिक जागरण के तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
संवाद सूत्र, किस्को (लोहरदगा) : किस्को प्रखंड के खरकी गांव में दैनिक जागरण के तत्वावधान में जल संचयन के साथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान खरकी पंचायत की मुखिया चांदमनी उरांव, परहेपाट पंचायत की मुखिया सुखमनी लकड़ा और नवाडीह पंचायत की मुखिया मंगरी असुर ने फलदार पौधे लगाए। मौके पर मुखिया चांदमनी उरांव ने कहा है कि देश हित में पौधारोपण जरूरी है। उन्होंने कहा है कि जल संचयन के लिए दैनिक जागरण का प्रयास काफी सराहणीय है। पौधारोपण से पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा। परहेपाट पंचायत की मुखिया सुखमनी लकड़ा ने कहा है कि वर्तमान समय में लकड़ी माफियाओं और ग्रामीणों के बीच जागरूकता के कमी के कारण पर्यावरण को काफी नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा है कि पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए अधिक संख्या में पौधारोपण करने की जरूरत है, जिससे कि लोगों सुरक्षित पर्यावरण मिल सके। मौके पर वाडीह पंचायत की मुखिया मंगरी असुर, कुद्दुस अंसारी, अबुजफर इकबाल आदि मौजूद थे।