मिट्टी धंसने से तीन लोग दबे, स्थिति गंभीर
लोहरदगा में मिट्टी धंसने से तीन युवक घायल हो गए।
जागरण न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा : लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत झालझमुरा गांव में लिपाई मिट्टी लेने गए तीन युवकों के ऊपर मिट्टी के धंस गई। जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को निकालकर इलाज के लिए भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां पर इलाज के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखकर डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया।
परिजनों ने बताया कि दीपावली को लेकर घर की लिपाई करने के लिए सेन्हा प्रखंड के झालझमुरा गांव मिट्टी लाने गए थे। इसी दौरान लिपाई मिट्टी धंस गया। जिसमें गडरप्पो तेतरटोली गांव निवासी बिरसा उरांव का पुत्र अनिल उरांव (25 वर्ष), ननकू उरांव का पुत्र चरकू उरांव (35 वर्ष) व एतवा उरांव का पुत्र गुड्डुवा उरांव (30 वर्ष) गंभीर रुप से घायल हो गए। मिट्टी के धंसने से अनिल उरांव का कमर टूट गया। जबकि गुड्डुवा व चरकू उरांव का पैर टूटा है। साथ ही सभी के शरीर में काफी चोटें आई हैं।