शहरी क्षेत्र में जीवन बीमा कर्मी के घर हजारों की चोरी
लोहरदगा शहरी क्षेत्र में फिर एक बार चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने शहरी क्षेत्र के मंगलदेव कालोनी में ताला तोड़ कर लगभग 30 हजार रूपए के सामान और नगदी की चोरी कर ली।
लोहरदगा : लोहरदगा शहरी क्षेत्र में फिर एक बार चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने शहरी क्षेत्र के मंगलदेव कालोनी में ताला तोड़ कर लगभग 30 हजार रूपए के सामान और नगदी की चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। बताया जाता है कि मूल से कुडू थाना क्षेत्र के उडुमुडू गांव निवासी स्व. मटन साहू के पुत्र जीवन बीमा कर्मी सुनील प्रसाद साहू और उनकी पत्नी छतरमनी देवी का पूरा परिवार लोहरदगा शहरी क्षेत्र में स्थित मंगलदेव कालोनी स्थित मकान में रहता है। पूरा परिवार विगत दिन स्व. मटन साहू के दशकर्म में अपने पैतृक गांव गया हुआ था। इसी दौरान विगत रात अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़ कर 14 हजार रूपए नगद, सोने का लाकेट, पायल, कपड़े आदि चुरा लिए। शुक्रवार की सुबह सुनील प्रसाद साहू के परिवार को मामले की जानकारी हुई। इसके बाद सदर थाना पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की है। पुलिस पूरे मामले की जांच और चोरों की गिरफ्तारी को लेकर सीसीटीवी फुटेज को खंगालने की कोशिश कर रही है। पुलिस को प्रारंभिक रूप से जो साक्ष्य मिले हैं, उसमें पांच लोगों की संलिप्तता का पुलिस को संदेह है। पुलिस पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट करने की बात कह रही है।