जीवन में सफलता को लेकर तय करें लक्ष्य : एसपी
लोहरदगा में एसपी बच्चों को पढ़ाया। गणित व रासायन के प्रश्नों के हल किए।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : एसपी प्रियदर्शी आलोक सोमवार को फिर एक बार शिक्षक की भूमिका में नजर आए। शहर के प्लस टू नदिया हिदू उच्च विद्यालय में एसपी प्रियदर्शी आलोक ने दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर गणित और रसायन शास्त्र की कक्षा ली है। एसपी ने कक्षा के दौरान विद्यार्थियों को गणित और रसायन से जुड़े कई प्रश्नों के हल बताए। उन्होंने प्रश्नों को सरलता से हल करने को लेकर आवश्यक टिप्स भी दिए। एसपी को एक शिक्षक के रूप में अपने बीच पाकर विद्यार्थी काफी खुश दिखाई दे रहे थे। कक्षा के दौरान एसपी ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता को लेकर लक्ष्य तय करें। बिना लक्ष्य के कोई भी सफलता नहीं पाई जा सकती है। हालात से निपटने के लिए संघर्ष का होना जरूरी है। जो संघर्ष नहीं करता है, वह सफल नहीं हो सकता है। एक विद्यार्थी का जीवन संघर्ष के बिना सफलता की बुलंदियों को नहीं छू सकता है। एसपी ने विद्यार्थियों को गणित को सरलता से लेने को लेकर निरंतर रूप से अभ्यास करने को कहा। उन्होंने कहा कि गणित कोई कठिन विषय नहीं है, बल्कि प्रश्नों का उत्तर और प्रश्नों को हल करने को लेकर सही सूत्र की जानकारी नहीं होने की वजह से हम गणित को काफी कठिन विषय समझ लेते हैं। जो हमारे विद्यार्थी जीवन में एक भय के रूप में व्याप्त हो जाता है। जबकि गणित एक ऐसा विषय है जिसे यदि समझा जाए तो वह काफी रोचक है। जीवन के प्रति क्षण में हम गणित से रूबरू होते हैं। हम सभी को गणित को सरलता से लेने की जरूरत है। रसायन शास्त्र की कक्षा लेते हुए एसपी ने कहा कि रसायन शास्त्र की जानकारी होने पर हम इसमें काफी बेहतर अंक हासिल कर सकते हैं। कोई भी परेशानी हो तो वे सहजता से उनसे बात कर जानकारी ले सकते हैं। उनके बीच आने का उद्देश्य यह है कि विद्यार्थी किसी विषय को कठिन और बेहद पेचीदा न समझें, बल्कि सरलता से प्रश्नों का हल ढूंढ सकते हैं। एसपी ने विद्यार्थियों को प्रश्नों के उत्तर देते हुए उनकी समस्याओं का हल किया। करीब डेढ़ घंटे तक एसपी ने विद्यार्थियों के बीच रहकर उन्हें कई महत्वपूर्ण प्रश्नों का हल बताया।