लोहरदगा में माओवादी का सहयोगी शिवचरण गिरफ्तार, जेल Lohardaga News
झारखंड के लोहरदगा में माओवादियों को वर्षों से सहयोग करता आ रहा शिवचरण सिंह गुरुवार को पुलिस की गिरफ्त में आ गया। वह काफी दिनों से पुलिस को चकमा दे रहा था।
किस्को (लोहरदगा), जासं। नक्सलियों को वर्षों से सहयोग करते आ रहे देवदरिया पंचायत के खड़िया गांव निवासी शिवचरण सिंह को जोबांग थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर गुरुवार को लोहरदगा मंडल कारा भेज दिया। बताया जाता है कि शिवचरण सिंह कांड संख्या 33/18 का आरोपी है, जो काफी दिनों से पुलिस को चकमा देकर भागा फिर रहा था। उसे जोबांग थाना प्रभारी के हरिऔंध करमाली के नेतृत्व में निकली पुलिस टीम ने खड़िया स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मामले को लेकर थाना प्रभारी ने बताया है कि बीते साल 2018 में माओवादी रविंद्र गंझू दस्ता के साथ पुलिस के साथ देवदरिया पंचायत के ऊपरी तलसा गांव में मुठभेड़ हुआ था। मुठभेड़ की उस घटना में पुलिस अधीक्षक प्रियदर्शी आलोक स्वंय मोर्चा संभाले हुए थे। पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ की घटना में पुलिस को राइफल भी बरामद हुआ था। शिवचरण सिंह पर आरोप है कि वह माओवादियों को सहयोग करता था।
माओवादियों को सहयोग करने के मामले में जोबांग पुलिस की ओर से शिवचरण सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दायर किया गया था। न्यायालय की ओर से शिवचरण सिंह के घर की कुर्की जब्जी का वारंट जारी किया गया था। इसके बाद गुरुवार को जोबांग थाना पुलिस ने शिवचरण सिंह को गिरफ्तार कर लोहरदगा जेल भेज दिया। इस अभियान में थाना प्रभारी हरिऔंध करमाली, प्रशिक्षु एसआइ मोहम्मद अख्तर अली, एसआइ वकील मांझी के अलावा सैट और जैप के जवान शामिल थे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप