मुखिया में सरिता देवी, वार्ड में सुलेश्वर उरांव जीते
त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव में लोहरदगा में हुए मतदान और मतगणना में सदर प्रखंड के तिगरा पंचायत के लिए मुखिया पद पर सरिता देवी और किस्को प्रखंड के बगड़ू पंचायत के वार्ड 10 के लिए हुए चुनाव में सुलेश्वर उरांव चुनाव जीत गए हैं।
लोहरदगा : त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव में लोहरदगा में हुए मतदान और मतगणना में सदर प्रखंड के तिगरा पंचायत के लिए मुखिया पद पर सरिता देवी और किस्को प्रखंड के बगड़ू पंचायत के वार्ड 10 के लिए हुए चुनाव में सुलेश्वर उरांव चुनाव जीत गए हैं। मुखिया पद में तीन प्रत्याशी क्रमश: सरस्वती उराईन, सरिता देवी और सुमित्रा तिग्गा के बीच मुकाबला था। जिसमें चुनाव में मुखिया पद के लिए कुल डाले गए 2868 मतों में से 2746 वैध मत रहे, जबकि 122 मतों को रद घोषित किया गया। मुखिया चुनाव में वैध कुल 2746 मतों में से विजेता प्रत्याशी सरिता देवी को 1163 मत प्राप्त हुए जबकि उनकी निकटतम प्रत्याशी सरस्वती उराईन को 905 मत मिले। सरिता देवी ने सरस्वती उराईन को 258 मतों से हरा कर मुखिया पद का चुनाव जीत लिया। मुखिया पद के लिए चुनाव में खड़ी सुमित्रा तिग्गा को सबसे कम 678 मत प्राप्त हुए। ----वार्ड में सुलेश्वर जीते
लोहरदगा : वार्ड चुनाव में रवींद्र गिरि और सुलेश्वर उरांव के बीच मुकाबला था। वार्ड चुनाव में कुल 234 मत पड़े थे। जिसमें 25 मत रद घोषित किए गए। वार्ड चुनाव में वैध कुल 209 मतों में से सुलेश्वर उरांव ने 144 मत प्राप्त कर वार्ड चुनाव जीत लिया। वार्ड चुनाव में खड़े दूसरे प्रत्याशी रवींद्र गिरि को मात्र 65 मत प्राप्त हुए। सुरेश्वर उरांव ने रवींद्र गिरि को 79 मतों से हरा दिया। -----कुल 14 टेबल में हुई मतगणना
लोहरदगा : वार्ड और मुखिया चुनाव की मतगणना को लेकर अलग अलग टेबल बनाए गए थे। जिसमें मुखिया पद की मतगणना के लिए कुल 13 टेबल और वार्ड चुनाव मतगणना के लिए एक टेबल बनाया गया था। सभी टेबल में एक-एक राउंड में मतगणना हुई है। सभी टेबल में तीन-तीन कर्मियों को मतगणना के लिए लगाया गया था। चुनाव जीतने के बाद निर्वाचन पदाधिकारियों द्वारा विजेता प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र सौंपा गया। -----सुरक्षा के थे ठोस इंतजाम
लोहरदगा : मतगणना को लेकर कृषि बाजार परिसर स्थित मतगणना केंद्र के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। किसी को भी बिना प्रवेश पत्र के अंदर जाने की इजाजत नहीं थी। मतगणना को लेकर मुखिया और वार्ड सदस्य पद के प्रत्याशियों के अलावे उनके समर्थक भी बड़ी संख्या में मौजूद थे। डीसी आकांक्षा रंजन, एसपी प्रियदर्शी आलोक, पंचायत राज पदाधिकारी मनीषा तिर्की सहित अन्य पदाधिकारियों ने मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और मतगणना कार्य का निरीक्षण किया। पूरे मतगणना कार्य की सीसी टीवी के माध्यम से निगरानी की जा रही थी।