कुडू में चला सघन वाहन जांच अभियान
लोकसभा चुनाव में अवैध शराब व निर्वाचन विभाग द्वारा घोषित राशि से ज्यादा ले जाने की रोक थाम को लेकर रविवार को कुडू में सघन वाहन जांच अभियान चला।
कुडू (लोहरदगा) : लोकसभा चुनाव में अवैध शराब व निर्वाचन विभाग द्वारा घोषित राशि से ज्यादा ले जाने की रोक थाम को लेकर रविवार को कुडू में सघन वाहन जांच अभियान चला। इस निमित वाहन जांच में पुलिस बल के साथ तैनात टीम ने कुडू थाना क्षेत्र में आने जाने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों की जांच की। एसएसटी टीम के ग्रुप-सी में शामिल दंडाधिकारी सुरेश सिंह के साथ कुडू थाना के एएसआई लवकुश सिंह ने सशस्त्र बल के साथ मिलकर रांची-कुडू मुख्य मार्ग पर हेंजला पुलिस पिकेट के समीप वाहनों की जांच-पड़ताल की। इस दौरान टीम में शामिल पुलिस जवानों ने वाहनों के बाहरी एवं भीतरी भाग की पड़ताल करने के साथ सामानों की भी जांच की। अधिकारियों ने वाहनों के कागजात की जांच-पड़ताल कर आवश्यक निर्देश दिए। कुडू थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि लोकसभा चुनाव में किसी प्रकार की अप्रिय घटना और असमाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से वाहन जांच अभियान चल रहा है, ताकि शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न कराया जा सके। कुडू थाना पुलिस चुनाव को लेकर वाहन जांच अभियान तेज कर दिया है। यह अभियान लगातार थाना क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों में चलाया जाएगा।