हिडाल्को मुख्यालय घेराव में सभी बने भागीदार : साजिद
हिंडाल्क के खिलाफ आंदोलन के लिए चलाए जनसंपर्क अभियान
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : इंटक यूनियन लोहरदगा के बैनर तले आगामी 23 अक्टूबर को हिडाल्को कंपनी मुख्यालय का घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रविवार को किस्को प्रखंड के बगडू क्षेत्र में ग्रामीणों के साथ कांग्रेसियों की बैठक हुई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष साजिद अहमद चंगू की अगुवाई में आयोजित बैठक में 23 अक्टूबर को हिडालको कंपनी के खिलाफ इंटक द्वारा प्रदर्शन और घेराव कार्यक्रम में क्षेत्र से हजारों की संख्या में कांग्रेसियों के शामिल होने की अपील की गई। मौके पर साजिद अहमद चंगू ने कहा कि हिडाल्को मुख्यालय घेराव में कांग्रेस के सभी साथी भागीदार बने। उन्होंने कहा कि हिडालको कंपनी की गलत नीतियों के कारण क्षेत्र के लोग काफी प्रभावित हैं। हिडाल्को कंपनी खनन क्षेत्र में विकास के नाम पर खानापूर्ति करती आ रही है। ऐसे में कंपनी के साथ लोग अपने अधिकार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। हिडाल्को कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। हिडाल्को कंपनी के खिलाफ घेराव का कार्यक्रम कंपनी को सोए हुए नींद से जगाना है। बंद पड़े बाक्साइट खदानों और ट्रकों का परिचालन फिर से चालू करना होगा। पहाड़ी क्षेत्रों में विकास और शिक्षा व्यवस्था में हिडाल्को कंपनी को सुधार लाना होगा।