कैरो में बह रही है भक्ति की धारा
लोहरदगा में प्रवचन कार्यक्रम का हुआ आयोजन
संवाद सूत्र, कैरो (लोहरदगा) : प्रखंड के दो गांवों में आयोजित यज्ञ से वातावरण भक्तिमय हो गया है। कैरो के नरौली गांव में हनुमान मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ व चिपो में श्री लक्ष्मी नारायण नवाह्न परायण यज्ञ का आयोजन किया गया है। भक्त सुबह से ही यज्ञ मंडप की परिक्रमा व पूजा-अर्चना के लिए तांता लगा रहता है। नरौली में वृंदावन से आए अनुराग कृष्ण जी महाराज द्वारा संगीतमय कथा व रासलीला का आयोजन प्रतिदिन किया जाता है। वहीं चिपो में अयोध्या से आए त्यागी बाबा द्वारा श्रद्धालुओं को प्रवचन सुनाया जाता है। प्रवचन में विद्वानों द्वारा ज्ञान की बातें बताई जाती है। लोग विद्वानों की कथा सुनकर भावविभोर हो जाते हैं। भक्ति की धारा में सराबोर श्रद्धालु रात-भर कथा का श्रवण करते हैं। नरौली व चिपो में प्रतिदिन रात में वृंदावन के कलाकारों द्वारा रासलीला का आयोजन किया जाता है। जिसे देखने के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं। अनुष्ठान को संपन्न कराने में यज्ञाचार्य कौशल कांत त्रिपाठी, रमेश पौराणिक, हरिमिश्र, वैद्यनाथ तिवारी, प्रह्लाद मिश्र, सूर्यकांत त्रिपाठी, योगेंद्र शुक्ल, जगिया बाबा, अमृतदास गोस्वामी, शशिकांत त्रिपाठी, कोठारी बाबा, महंत रघुनाथ दास, अभिषेक पांडे, नंदलाल दास, अवध पांडे सहित कमेटी के सदस्यों का मुख्य सहयोग है।