लोहरदगा में अनियंत्रित ऑटो पलटने से एक महिला की मौत, तीन घायल
यह घटना भंडरा-सिसई मुख्य मार्ग में सेमरा चौक के पास की है। सड़क दुर्घटना के कारणों की जांच-पड़ताल में पुलिस जुट गई है।
लोहरदगा, जासं। लोहरदगा जिले के भंडरा थाना अंतर्गत भंडरा-सिसई मुख्य पथ पर सेमरा बाजार मोड़ के समीप रविवार की रात अनियंत्रित ऑटो के पलटने से एक महिला की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। ग्रामीणों की मानें तो भंडरा थाना क्षेत्र के बेदाल गांव से ऑटो में मेहमानी के लिए गुमला जिले के सिसई गए परिवार के सदस्य रात में वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सेमरा बाजार मोड़ के समीप ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया।
इस घटना में बेदाल गांव निवासी गोबर्धन उरांव की पत्नी फगनी उराईन (40 वर्ष) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बेदाल गांव निवासी मदना उरांव (45 वर्ष), फुलमनी उरांव (30 वर्ष) व तेतरी उरांव (60 वर्ष) गंभीर रुप से घायल हो गए। सभी को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद फगनी उराईन को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभर हालत देखकर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। इधर सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया। वहीं सड़क दुर्घटना के कारणों की जांच-पड़ताल में भी पुलिस जुट गई है।
यह भी पढ़ें-Hemant Soren Oath Ceremony: गुरुजी का अंदाज भाया, राहुल आए तो मची हलचल