लोहरदगा के भंडरा में जंगली हाथियों ने एक की जान ली, कई घरों को किया ध्वस्त Lohardaga News
चार जंगली हाथियों के झुंड ने ब्राह्मणडीहा व कुंदो अंबाटोली में रात भर उत्पात मचाया। ग्रामीणों में भय का माहौल है।
भंडरा (लोहरदगा), जेएनएन। थाना क्षेत्र के ब्राह्मणडीहा व कुंदो अंबाटोली गांव में गुरुवार कि देर रात चार जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान जंगली हाथियों के झुंड ने ब्राह्मणडीहा गांव निवासी धनु महतो उर्फ रामदेव (55 वर्ष) को पटक-पटक कर मार डाला। घटना की जानकारी मिलते ही भंडरा पुलिस घटना स्थल पहुंच जांच-पड़ताल शुरु कर दिया है। साथ ही शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
इस दौरान जंगली हाथियों के झुंड ने ब्राह्मणडीहा के अंगनु उरांव, कुंदो अंबाटोली के सानिया भगत, सोमनाथ भगत, चंपा भगत, पचुवा भगत, बंदी भगत के घरों को भी बुरी तरह से ध्वस्त कर, घर मे रखा चावल व धान को चट कर गये। इधर जंगली हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों में भय का माहौल है। हाथी द्वारा ध्वस्त किए घरों के परिजनों ने कहा कि घर में रखे सभी चावल, धान बर्बाद हो गया। जिससें उनलोगों के समक्ष भूख मिटाने के लिए अनाज का एक दाना भी नहीं है। इधर ब्राह्मणडीहा में धनु उरांव के मौत से गांव के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है।