कुडू में सड़क दुर्घटना में महिला की मौत, आठ लोग घायल
लोहरदगा में सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई।
संवाद सूत्र, कुडू (लोहरदगा) : कुडू-रांची राष्ट्रीय उच्च मार्ग-75 में कुडू थाना के नवाटोली के समीप बुधवार को हुई सड़क दुर्घटना में महिला की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके साथ एक अन्य स्थान पर हुई दुर्घटना में दो लोग घायल हो गए। दोनों स्थानों पर हुई दुर्घटना में घायल सभी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुडू पहुंचाया गया। जहां पर इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। लोहरदगा-रांची मुख्य मार्ग पर नवाटोली के पास मोटरसाइकिल व टेंपो में हुई सीधी भिड़ंत में महिला की मौत हो गई। जिसकी पहचान उडुमुडू गांव निवासी बिचुआ उरांव की पत्नी महजी उरांव के रूप में हुई है। घायलों में उडुमुडू गांव निवासी चामू उरांव (55 वर्ष), मीणा उरांव (45 वर्ष), सोमरी उरांव (40 वर्ष) और सोनी उरांव (25 वर्ष) के साथ मोटरसाइकिल सवार पंडरा गांव निवासी रउफ पवरिया (50 वर्ष) और अब्दुल पवरिया (45 वर्ष) शामिल हैं। दुर्घटना के बाद टेम्पो चालक मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि टेम्पो सवार सभी लोग कुडू साप्ताहिक बाजार से खरीददारी करने के बाद ऑटो संख्या जेएच 08सी-0363 से उडुमूडू गांव जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे अपाची मोटरसाइकल संख्या जेएच08जी - 0823 से सीधी टक्कर हो गई। जिसमें टेंपो सवार महजी उरांव की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।