कैरो में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, महिला घायल
लोहरदगा के कैरो में हुई सड़क दुर्घटना में एक की मौत हो गई।
संवाद सूत्र, कैरो (लोहरदगा) : कैरो-नगजुआ मुख्य पथ पर कैरो थाना क्षेत्र के उतका गांव के समीप शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। जबकि एक महिला घायल हो गईं। मृतक की पहचान कैरो थाना क्षेत्र के टाटी गांव निवासी स्वर्गीय अमीन उरांव का पुत्र रमई उरांव (45 वर्ष) के रूप में हुई है। घायल महिला जामुनटोली गांव निवासी दीवा उरांव की पत्नी सोमारी उरांव (50 वर्ष) है। दोनों आपस में बातचीत करते नगजुआ के रास्ते कैरो जा रहे थे। तभी पीछे से पैशन प्रो मोटरसाइकिल संख्या जेएच01 एएन 0349 से आ रहे गजनी गांव निवासी स्वर्गीय मोहर महतो के पुत्र विनोद महतो की टक्कर हो गई। मोटरसाइकिल के धक्के से रमई सड़क में खड़े ट्रैक्टर के ट्रेलर से जा टकराया। जिससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि सोमारी को चोटें आई हैं। जिसका इलाज कैरो उप स्वास्थ्य केंद्र में किया गया।दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद कैरो थाना पुलिस घटनास्थल पहुंचकर मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर उसके चालक को गिरफ्तार कर अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है। साथ हीं दुर्घटना में मृत युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया है।