फ्लैग मार्च कर पुलिस ने दिया सद्भाव का संदेश
लोहरदगा में अयोध्या मामले में अधिकारियों ने फ्लैग मार्च किया।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : अयोध्या मामले में फैसला आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और शांति के माहौल को कायम रखने को लेकर सदर थाना पुलिस ने फिर एक बार सड़क पर उतार कर सद्भाव का संदेश दिया है। सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक जयप्रकाश राणा, सदर अंचलाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, दंडाधिकारी सह कनीय अभियंता अभिषेक कुमार, बलभद्र कुमार सहित अन्य ने शहरी क्षेत्र में फ्लैग मार्च करते हुए शांति और सद्भाव का संदेश दिया। पुलिस के जवानों ने कतारबद्ध होकर अनुशासित रूप से फ्लैग मार्च करते हुए लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण को कायम रखने को लेकर सभी से सहयोग करने का अनुरोध किया। शहर के अलग-अलग हिस्सों में घूमकर जवानों ने शांति का संदेश दिया है। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने बताया कि किसी भी स्थिति में असामाजिक तत्वों और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वाले लोगों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है। पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए हुए है। इसके अलावे दप्रस की धारा 144 भी लागू की गई है। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।