18 साल से फरार नक्सली कुलदीप गिरफ्तार
कुडू पुलिस ने नक्सली कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
संवाद सूत्र, कुडू (लोहरदगा) : कुडू थाना पुलिस ने कई मामलों में विगत 18 साल से फरार चल रहे नक्सली कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजने में शनिवार को सफलता पाई है। हत्या, रंगदारी और शस्त्र अधिनियम के मामले में वर्षों से फरार चल रहे नक्सली के खिलाफ व्यवहार न्यायालय से वारंट भी निर्गत था।
भाकपा माओवादी संगठन (तत्कालीन एमसीसी संगठन) का पूर्व एरिया कमांडर कुलदीप सिंह उर्फ गुनू को गुप्त सूचना पर कुडू थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कुडू थाना क्षेत्र के फुलसुरी कोठी टोला से स्थानीय पुलिस ने कुलदीप को उसके घर से गिरफ्तार किया। किस्को थाना क्षेत्र के नारी नवाड़ीह गांव निवासी शहादत अंसारी की हत्या के मामले में कुलदीप फरार चल रहा था। कुलदीप सिंह पर वर्ष 2001 में कुडू के सुकुरहुटटू गांव से अगवा कर शहादत अंसारी की गला रेतकर हत्या करने के आरोप में कुडू थाना में कांड संख्या 12/2001 में भादवि की धारा 364, 302, 109, 34, सीएलए एक्ट की धारा 17/18 के तहत कांड पंजीकृत है।