विकास में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : मंत्री
लोहरदगा में विकास कार्यो की समीक्षा
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : लोहरदगा जिले के विकास को गति देने के लिए शुक्रवार को झारखंड सरकार के मंत्री और लोहरदगा विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने जिला परिसदन में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में लोहरदगा शहरी क्षेत्र में 23 जनवरी को हुई हिसक वारदात की घटना के बाद अमन-चैन कायम करने की दिशा में किए जा रहे प्रशासनिक प्रयास की भी समीक्षा की। इस दौरान मंत्री ने विभिन्न समुदाय के लोगों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए लोहरदगा में शांति व्यवस्था कायम करने और आम जनजीवन को और भी बेहतर बनाने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इससे पूर्व विभागीय बैठक में मंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं में कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जितने भी लोगों का अब तक राशन कार्ड नहीं बना है। ऐसे लोगों को चिन्हित करते हुए तत्काल उनका राशन कार्ड बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास करें। मंत्री ने कहा कि धान खरीद को लेकर कोई भी लापरवाही नहीं करें। इसकी शिकायत उनतक पहुंची है, इसकी जांच का निर्देश दिया है। इसमें कोई भी गड़बड़ी मिली तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई तय है। किसानों को धान की बिक्री करने के लिए जागरूक करें। धान क्रय केंद्र में धान बिक्री को लेकर किसानों को प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि यदि धान की बिक्री में कोई परेशानी है तो तत्काल उसका समाधान करना जरूरी है। जन वितरण प्रणाली को और भी बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार जिन योजनाओं के प्रति गंभीर है, उन योजनाओं के क्रियान्वयन में अधिकारी तत्परता दिखाएं। आम आदमी को सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी एक कड़ी का काम करते हैं। ऐसे में आम ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी जरूरत के हिसाब से योजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर दें। मंत्री ने बैठक के दौरान कहा कि हम सभी को मिलकर राज्य के विकास के पथ पर आगे लेकर जाना है। समन्वय से किया गया काम ही सफल होता है। इस बैठक में उपायुक्त आकांक्षा रंजन, एसपी प्रियदर्शी आलोक, जिला शिक्षा पदाधिकारी रतन कुमार महावर, विधायक प्रतिनिधि निशित जायसवाल, मंत्री के निजी सचिव संजय दुबे, अशोक यादव समेत कई मौजूद थे।