भंडरा में किसानों से अधिक बिचौलिए बेच रहे धान
लोहरदगा जिले के भंडरा प्रखंड के धान क्रय केंद्र या लैंपस कार्यालय में बिचौलिए धान बेच रहे हैं।
संवाद सूत्र, भंडरा (लोहरदगा) : लोहरदगा जिले के भंडरा प्रखंड के धान क्रय केंद्र या लैंपस कार्यालयों में किसान से अधिक बिचौलिए धान की बिक्री कर रहे हैं। सरकार द्वारा धान अधिप्राप्ति को लेकर प्रखंड के भंडरा व भौंरों पंचायत में खोले गए धान क्रय केंद्र में रोजाना किसान से अधिक बिचौलिए अपने धान की बिक्री कर रहे हैं। भंडरा प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में बिचौलिए दुकान लगाकर बैठे हुए हैं। किसानों से कम दर पर धान की खरीदारी कर उसे लैंपस कार्यालयों के माध्यम से अधिक कीमत पर बिक्री कर रहे हैं। इसके लिए बकायदा पहले से ही बिचौलिए लैंपस कार्यालयों में धान बिक्री कराने को लेकर गलत तरीके से क्षमता से अधिक जमीन का पंजीकरण करा चुके हैं। जबकि कई लोग जो खेती भी नहीं करते, परंतु लैंपस कार्यालय में धान की बिक्री कर रहे हैं। जबकि कुछ बिचौलिए किसानों के नाम से भी पंजीकरण कराकर धान की बिक्री करते हैं। उसके बाद खातों में पैसे आने के बाद बिचौलिए किसानों से पैसे की मांग करते हैं। भंडरा प्रखंड में अब तक 161 किसानों ने 6950 क्विटल धान की बिक्री कर चुके हैं। जिनमें भंडरा प्रखंड के भंडरा पंचायत में 4150 क्विटल धान 94 किसानों ने बिक्री किया है। जिनमें 79 लोगों का भुगतान के लिए ऑनलाइन भी हो चुका है। भौंरों पंचायत में 2800 क्विटल धान की बिक्री 67 किसानों ने किया है। जिनमें 58 लोगों का भुगतान के लिए ऑनलाइन कर दिया गया है। कुछ किसानों ने कहा कि तीन साल पहले धान अधिप्रप्ति को लेकर किए गए पंजीकरण में काफी संख्या बिचौलिए अपने-अपने नाम अधिक जमीन का निबंधन करा चुके हैं। जबकि उन लोगों द्वारा गांव-गांव जाकर धान की खरीदारी कर जमा किया जाता है और उसे लैंपस कार्यालय में बिक्री किया जाता है। इससे किसानों का हक बिचौलिए खा जा रहे हैं। प्रखंड प्रशासन को इस बिदु पर जांच करने की आवश्यकता है। एक ही जमीन को घर के कई सदस्यों ने निबंधन कराने की बात की भी चर्चा होती है। भंडरा प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी संजय भगत का कहना है कि लैंपस कार्यालय में बिचौलिए के माध्यम से धान खरीदारी ना हो, इसकी निगरानी की जा रही है। कोई शिकायत मिलने पर इसकी गहनता से जांच की जाएगी।