विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोहरदगा में महिला की संदिग्ध मौत, 10 दिन बाद कब्र से निकाला गया शव; रिम्स भेजा गया

Published: Sun, 23 Aug 2026 11:18 AM (IST)

लोहरदगा के किस्को में 43 वर्षीय मुनिता देवी की संदिग्ध मौत के बाद मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

HighLights

  1. मुनिता देवी की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया।

  2. पोस्टमार्टम के लिए शव रिम्स रांची भेजा गया, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, लोहरदगा। लोहरदगा जिले के किस्को थाना क्षेत्र के भुरसा खाड़ गांव में 43 वर्षीय मुनिता देवी की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। महिला के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए किस्को थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

शिकायत के बाद पुलिस ने करीब दस दिन पहले दफनाए गए महिला के शव को दंडाधिकारी की मौजूदगी में कब्र से बाहर निकाला। शव की स्थिति खराब होने के कारण पोस्टमार्टम के लिए शव को शनिवार को रिम्स रांची भेज दिया गया है। मुनिता देवी के पति का नाम सुखन नगेसिया बताया गया है।

मायके वालों का आरोप है कि महिला की हत्या करीब दस दिन पहले कर दी गई थी और इसके बाद गांव से दूर जंगल में स्थित श्मशान में शव को दफना दिया गया। हालांकि महिला के अंतिम संस्कार में उसके मायके पक्ष के लोग भी शामिल हुए थे। बाद में महिला के बड़े भाई के बयान पर किस्को थाना में हत्या का मामला दर्ज कराया गया।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद किस्को थाना पुलिस ने अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार को पत्र भेजकर शव को कब्र से बाहर निकालने के लिए दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त करने का अनुरोध किया। एसडीओ के निर्देश पर किस्को के राजस्व उप निरीक्षक विनेश्वर भगत को दंडाधिकारी नियुक्त किया गया। दंडाधिकारी की मौजूदगी में किस्को पुलिस ने शव को कब्र से बाहर निकाला।

शव तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम को करीब सात किलोमीटर तक जंगल और पहाड़ी रास्ते से पैदल जाना पड़ा। शव को शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेजा गया। शव की हालत काफी खराब होने के कारण चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम के लिए उसे रिम्स रांची भेज दिया। फिलहाल पुलिस महिला की मौत के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई। किस्को थाना प्रभारी मानस कुमार साधू ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।