सरकार की योजना से कोई न हो वंचित : मंत्री
संवाद सूत्र कैरो (लोहरदगा) झारखंड सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री सह लोहरदगा विधायक डा
संवाद सूत्र, कैरो (लोहरदगा) : झारखंड सरकार के खाद्य, आपूर्ति मंत्री सह लोहरदगा विधायक डा. रामेश्वर उरांव ने गुरुवार को कैरो प्रखंड अंतर्गत गुड़ी पंचायत के विभिन्न गांवों का दौरा कर क्षेत्र की समस्या को सुना। सबसे पहले ग्रामीणों द्वारा कैरो से कम दूरी तय कर जाने वाली सड़क में विगत दस वर्षों से अधूरा बंडा पुल को पूर्ण कराने की समस्या रखी गई। जिसपर मंत्री ने कहा कि शीघ्र बंडा पुल का निर्माण कार्य पूरा होगा। इसके लिए उन्होंने पहल शुरू कर दिया है। वहीं गुड़ी, चिप्पो, नगड़ा, बरटोली आदि गांवों के ग्रामीणों द्वारा खेल मैदान, सड़क, पानी, पुल, सिचाई के साधन सहित अन्य समस्या को ले आवेदन दिया। जिस पर मंत्री ने कहा कि जनता ने उन्हें चुना है तो वे जरूर समस्याओं को दूर करेंगे। वहीं मंत्री द्वारा ग्रामीणों को बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। मंत्री ने बीडीओ पवन कुमार महतो व सीओ कमलेश उरांव को निर्देश दिया कि अगर किसी भी गरीब व असहाय व्यक्ति को राशन, वृद्धा-विधवा पेंशन नहीं मिल रहा है तो संबंधित अधिकारी इसपर संज्ञान तुरंत लेते हुए कार्रवाई करें। सरकार की योजना से कोई भी वंचित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार शीघ्र ही गरीबों के लिए दस रुपए में धोती, साड़ी व लुंगी देने की योजना ला रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यही नीति शुरू से रही है। सरकार वोट से चुनी जाती है इसे नोट से गिराने का प्रयास न करें। जेएमएम व कांग्रेस के सभी विधायक एकमत हैं। मंत्री के कार्यक्रम के दौरान बारिश शुरु हो गई थी। मंत्री के प्रोटोकॉल ड्यूटी में तैनात अधिकारी भी छाता ले कर बारिश से बचते हुए नजर आए। मौके पर राज्य सभा सांसद प्रतिनिधि अशोक यादव, पूर्व प्रदेश महासचिव अजय शाहदेव, जिला विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, जिला यूथ अध्यक्ष फहद खान, सत्यदेव भगत, अनीस अहमद, बुधवा उरांव, मुर्शिद आलम, मंजन उरांव, मोहम्मद सन्नालाह, मोजाहिर अंसारी, मोहन उरांव, हारून रशीद, मुस्लिम अंसारी, प्रदुमन सिंह, दशई उरांव, सुकरा उरांव, मंजन उरांव, विजय सिंह, भजन उरांव, हीरा मोदी आदि मौजूद थे। मंत्री को उपहार में मिला कोहड़ा
फोटो संख्या- 14
कैरो (लोहरदगा) : झारखंड सरकार के खाद्य, आपूर्ति मंत्री सह लोहरदगा विधायक डा. रामेश्वर उरांव के कैरो प्रखंड के नगड़ा गांव पहुंचने पर मंत्री डा. रामेश्वर उरांव का ग्रामीणों ने स्वागत किया। उस समय मंत्री के साथ कांग्रेस के कार्यकर्ता मुस्कुरा उठे, जब नगड़ा की दो-तीन महिलाओं ने मंत्री को उपहार स्वरूप कोहड़ा देकर उनका सम्मान किया। मंत्री भी कोहड़ा देखकर अपनी हंसी रोक नहीं पाए। हालांकि मंत्री ने कोहड़ा को प्रेम और अपनापन का उपहार समझ कर कोहड़ा को स्वीकार कर लिया। इसके बाद मंत्री ग्रामीणों से मिले और उनकी समस्याओं को सुना।