कुडू में महाष्टमी पर मां गौरी की हुई पूजा
संवाद सूत्र कुडू (लोहरदगा) कुडू प्रखंड के विभिन्न पूजा पंडालों में शारदीय नवरात्र के आठ
संवाद सूत्र, कुडू (लोहरदगा) : कुडू प्रखंड के विभिन्न पूजा पंडालों में शारदीय नवरात्र के आठवें दिन पुरोहितों द्वारा मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां गौरी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। माता के दर्शन कर भक्त आनंदित नजर आए। पूजा पंडालों में संधि बलि पूजन हुई। प्रखंड के सभी पूजा समितियों द्वारा राज्य सरकार द्वारा कोरोना को लेकर जारी निर्देशों का पालन किया गया। पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं को नियमों के तहत ही दर्शन एवं पूजा की अनुमति दी गई थी। बड़की चांपी दुर्गा मंदिर में पुरोहित अनूप देव पौराणिक ने पूजा-अनुष्ठान संपन्न कराया। मां दुर्गा की पूजा-अर्चना से वातावरण गुंजायमान रहा। मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालु लालायित नजर आए। भक्ति की बहती अविरल धारा के बीच प्रखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित दुर्गा मंदिरों में अष्टमी को मां भवानी के आठवें रूप महागौरी का भव्य अनुष्ठान हुआ। शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा को डलिया चढ़ाने व पूजा-अर्चना को ले मंदिरों और पंडालों में विशेषकर महिलाओं की भीड़ ज्यादा दिखी। वहीं घरों में स्थापित कलश की भी विधिवत पूजा-अर्चना की गई। सभी स्थानों पर प्रखंड प्रशासन, पुलिस प्रशासन और पूजा समितियां पूरी तरह से मुस्तैद थे।