प्री-मानसून के बाद खेती के कार्य में आई तेजी
प्री-मानसून के बाद खेती-किसानी कार्य में तेजी आ गई है।
संवाद सूत्र, सेन्हा (लोहरदगा) : प्री-मानसून के बाद खेती-किसानी कार्य में तेजी आ गई है। मौसम का मिजाज बदलने और बारिश होने के साथ ही किसान खरीफ की तैयारी में जुटने के साथ खेती कार्य में नजर आने लगे हैं। बारिश के साथ हीं किसान खेतों को तैयार करने के लिए हल-बैल लेकर खेतों की ओर बढ़ चले हैं। खेतों को तैयार कर फसलों की तैयारी में तेजी आ चुकी है। सेन्हा प्रखंड क्षेत्र में लगातार दो दिन हुए वारिस से किसान खेत में पहुंचकर खेत तैयार करने में जुटे हैं। सेन्हा प्रखंड के किसान हल-बैल लेकर सुबह खेत की ओर जाते नजर आए। किसान किशुन उरांव एवं बंदे उरांव का कहना है कि यह बारिस से खेत को तैयार करने में मदद दे रही है। हल चलाने से खेत की घास धूप में सुख जाएगी और वह खाद का काम करेगी। मानसून आने से पहले मकई एवं मूंगफली का बीज लगाने एवं धान का बीज लगाने में मदद मिलेगा। किसानों के लिए अब बेहतर माहौल मिलता नजर आ रहा है। किसानों को खेत में खाद डालने का मौका भी मिलेगा।