होटल संचालक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या करने वाला नक्सली गिरफ्तार
लोहरदगा जिले के कुड़ू बस स्टैंड में वर्ष 2001 में दिनदहाड़े गोली मारकर होटल संचालक कुडू निवासी महावीर राम की हत्या के मामले विगत 18 साल से फरार नक्सली को कुडू थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
कुडू (लोहरदगा) : लोहरदगा जिले के कुड़ू बस स्टैंड में वर्ष 2001 में दिनदहाड़े गोली मारकर होटल संचालक कुडू निवासी महावीर राम की हत्या के मामले विगत 18 साल से फरार नक्सली को कुडू थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत फैल गया था। मामले में आरोपी के विरूद्ध अदालत से वारंट जारी था। मामले में पुलिस ने लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के जमुआरी निवासी तत्कालिन एमसीसी नक्सली बादे मुंडा उर्फ महेश मुंडा को कुड़ू पुलिस ने गिरफ्तार कर लोहरदगा जेल भेज दिया। कुडू थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि महावीर राम हत्याकांड में कुडू थाना में दर्ज कांड संख्या 73/2001 का वारंटी बादे मुंडा लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हेंजला के नजदीक से बादे मुंडा को गिरफ्तार कर लोहरदगा जेल भेज दिया। बादे मुंडा ने महावीर राम को गोली मारने के मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। बादे मुंडा ने बताया कि घटना को अंजाम देने में एमसीसी के अन्य लोगों के साथ वह भी आया था। बादे मुंडा ने पुलिस को इस कांड में शामिल सभी नक्सलियों के नाम भी बताए हैं। पुलिस मामले में शेष आरोपियों को गिरफ्तार करने में जुट गई है।