झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिले
लोहरदगा : लोहरदगा में बुधवार को हुई झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। किसानों को खरीफ फसल
लोहरदगा : लोहरदगा में बुधवार को हुई झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। किसानों को खरीफ फसल की तैयारी के लिए खेतों में पर्याप्त नमी मिल गई है। इसके बाद किसान अब खेतों की जुताई और बिचड़ों को तैयार करने को लेकर तैयारी कर रहे हैं। बारिश से गांवों में खुशी का माहौल है तो शहर में परेशानी शुरू हो गई है। शहर में जगह-जगह जलजमाव से लोग परेशान हैं। शहर के उप नगरीय क्षेत्र और अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में तो और भी बुरे हालात हैं। समय पर कचरे का उठाव नहीं होने व नालियों की सफाई नहीं होने की वजह से शहरवासियों को नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से लोग साफ-सफाई की मांग करते आ रहे हैं। बावजूद इसके बरसात से पूर्व विशेष रूप से होने वाली साफ-सफाई अभी तक नजर नहीं आई है। यही हाल रहा तो बरसात में परेशानी असहनीय हो जाएगी।