किसानों को उपलब्ध कराएं सरकार की योजनाएं : संयुक्त सचिव
लोहरदगा : कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त सचिव (फसल) डा. बी. राजेंद्र सोमवार को
लोहरदगा : कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त सचिव (फसल) डा. बी. राजेंद्र सोमवार को लोहरदगा पहुंचे। झारखंड के चार जिलों के दौरे के क्रम में लोहरदगा पहुंचे संयुक्त सचिव ने सबसे पहले लोहरदगा में जिला परिसदन में अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की स्थिति का हाल जाना। इससे पूर्व संयुक्त सचिव के पहुंचने पर डीसी विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया। जिला परिसदन में बैठक करते हुए संयुक्त सचिव डा. बी राजेंद्र ने भारत सरकार द्वारा कृषि कल्याण अभियान के तहत योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने दस योजनाओं का कार्यान्वयन बेहतर ढंग से करने का निर्देश दिया। संयुक्त सचिव ने बैठक में खरीफ के अलावा बागवानी, बांसरोपण, मधुमक्खी पालन, मशरूम की खेती, पशुपालन, मिनी कीट वितरण, स्वाइल हेल्थ काड वितरण, उपयोगिता सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि कृषि कल्याण अभियान को लेकर प्राथमिक स्तर के कार्यों को व्यापक और गतिशील बनाना है। इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारी बेहतर ढंग से काम करें। किसानों को सरकार की योजनाएं उपलब्ध कराएं। संयुक्त सचिव ने जोर देते हुए कहा कि जो भी काम करें वह गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ हो। काम चलाऊ और खानापूर्ति वाली योजनाओं पर ध्यान नहीं देना है। किसानों को प्रोत्साहित करते हुए योजनाओं का लाभ उन्हें उपलब्ध कराकर ठोस ढंग से खेती के साथ जोड़ें। बैठक के उपरांत संयुक्त सचिव ने खखपरता और आसपास के गांवों में पहुंचकर कृषि कल्याण की योजनाओं की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने लाभुकों से इस बारे में बात भी की। मौके पर डीसी विनोद कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी विजय आनंद, कृषि विज्ञान केंद्र के मुख्य कृषि वैज्ञानिक डा. शंकर कुमार ¨सह, जिला पशुपालन पदाधिकारी, गव्य विकास पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी आदि मौजूद थे।