मानसूनी हुआ मौसम, झमाझम बारिश से खिले चेहरे
लोहरदगा : लोहरदगा में शनिवार को मौसम मानसूनी हो गया। झमाझम बारिश से लोगों के चेहरे खिल उठे। लगभग दो
लोहरदगा : लोहरदगा में शनिवार को मौसम मानसूनी हो गया। झमाझम बारिश से लोगों के चेहरे खिल उठे। लगभग दो घंटे तक हुई बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आ गई है। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। हालांकि वज्रपात की घटनाओं से लोग सहमे हुए हैं। शहर में हुई झमाझम बारिश से फिर एक बार सफाई व्यवस्था, जल निकासी की पोल खुलती नजर आ रही है। शहर के कई इलाकों में नालियां जाम होने की वजह से गंदा पानी घरों में घुस गया। शहर के वार्ड संख्या 13, 7, 8, 18, 19 आदि क्षेत्रों में जलजमाव से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। वार्ड संख्या 13 में बारिश के बाद घर के कमरों तक में पानी भर गया था। बाल्मिकी नगर, बुचन गली, बगडू रोड, कुरैशी मुहल्ला आदि क्षेत्रों में जलजमाव ने नारकीय स्थिति उत्पन्न कर दी थी। इसके अलावा शहर के अन्य क्षेत्रों में भी काफी भयावह स्थिति थी। कई क्षेत्रों में तो दो से तीन फीट पानी भर चुका था। वहीं दूसरी ओर ग्रामीण इलाकों में बारिश से खुशी का माहौल देखा जा रहा है। खेतों में पर्याप्त नमी आ चुकी है। दोन वाले खेतों में तो पानी तक भर गया है। जिससे किसान खरीफ फसल की तैयारी में जुट चुके हैं। समय पर बिचड़ा तैयार करने, खेतों को तैयार करने को लेकर उत्सुकता दिखाई दे रही है। यही नहीं सब्जियों की खेती के लिए भी यह बारिश फायदेमंद नजर आ रही है। पटवन की गंभीर समस्या से जूझ रहे किसानों के लिए बारिश राहत लेकर आई है।