हमें शहीद के सपनों को मिलकर पूरा करना है : विधायक
लोहरदगा में शहीद एसपी को श्रद्धांजलि दी गई।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : झारखंड राज्य के गठन से पूर्व नक्सलवाद के खिलाफ लड़ते हुए 4 अक्टूबर 2000 को लोहरदगा के पेशरार घाटी में शहीद हुए जांबाज एसपी अजय कुमार सिंह की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को जिलेवासियों ने श्रद्धांजलि दी। शहर के अजय उद्यान में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक संगठन, छात्र संगठन, गणमान्य लोगों व आम लोगों ने शहीद को नमन किया। एसपी की स्मृति में अजय उद्यान बना गया है। शहीद के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया। शहीद एसपी को जवानों ने शस्त्र शोक सलामी दी।
विधायक सुखदेव भगत ने कहा कि हमें शहीद के सपनों को मिलकर पूरा करना है। नक्सलवाद के खात्मे के बाद भी अभी विकास का काफी सफर पूरा करना है। इसके लिए एसपी की कुर्बानियों को याद करते हुए आगे बढ़ते रहें।
उपायुक्त आकांक्षा रंजन कहा कि हमें शहीद के जीवन से प्रेरणा लेने की जरूरत है। यह नहीं भूलना चाहिए कि हमारा भी राष्ट्र के विकास में अहम योगदान है। हम अपने दायित्वों को तभी पूरा निभा सकते हैं। शहीद एसपी ने लोहरदगा को नक्सलवाद से मुक्त बनाने अपने प्राणों की आहुति दे दी। एसपी प्रियदर्शी आलोक ने कहा कि शहीद एसपी की शहादत बेकार नहीं जाएगी। युवा वर्ग अपने अंदर निहित उर्जा को सकारात्मक कार्यों में खर्च करें। जिससे की हमें देश के विकास में सहभागी सिपाही मिल पाएं। मौके पर सीआरपीएफ कमांडेंट प्रभात कुमार संदवार, प्रवीण कुमार सिंह, निशीथ जायसवाल, नीरज, चंद्रशेखर अग्रवाल, डीईओ रतन कुमार, सीताराम बाबा, ओम सिंह, धर्मेंद्र कुमार, मनान खान, राज मित्तल, शमीमा खातून आदि मौजूद थे। सर्व धर्म प्रार्थना का हुआ आयोजन
लोहरदगा : सर्व धर्म प्रार्थना में सबसे पहले रामधुन रामकली देवी सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों द्वारा प्रस्तुत किया गया। गुरुकुल शांति आश्रम ब्रह्मचारियों द्वारा आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। रेबरण जोहन भेंगरा, जहांगीर आलम, सबीना परवीन ने सर्वधर्म प्रार्थना में भाग लिया। मंच का संचालन कोषाध्यक्ष पार्क प्रभारी अजय प्रसाद ने किया। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम के साथ किया गया।