क्वारंटाइन अवधि पूरा कर मनरेगा कार्य से जुट रहे श्रमिक
लोहरदगा में प्रवासी मजदूर जुटे अपने कार्य में
संवाद सूत्र, भंडरा (लोहरदगा) : प्रखंड में प्रवासी मजदूरों को महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना अधिनियम के तहत रोजगार से जोड़ने का कार्य तेजी से प्रखंड प्रशासन ने शुरू कर दिया है। जिससे प्रवासी मजदूरों के बीच खुशी की लहर दौड़ने लगी है। मनरेगा कार्य से जुड़ प्रवासी मजदूर भी अपने परिवार के भरण-पोषण को लेकर मनरेगा से काम की सराहना कर रहे हैं। इस दौरान प्रखंड के 46 नए प्रवासी मजदूर मनरेगा कार्य से जुड़ अपने परिवार का भरण-पोषण करने में जुट गए है। प्रखंड प्रशासन की मानें तो प्रखंड में अब तक 1560 प्रवासी मजदूर अपने-अपने घर लौट चुके हैं। जिसमें 574 प्रवासी मजदूर क्वारंटाइन की अवधि समाप्त कर अपने घर लौट शारीरिक दूरी का पालन कर रहे है। जबकि 86 प्रवासी मजदूर मरेगा कार्य में जुड़ने के लिए अपना-अपना जॉब कार्ड बनवा चुके है। प्रखंड में मनरेगा से संचालित 146 योजना में 953 श्रमिक जुट गए है। जिसमें 46 नए जॉब कार्डधारी प्रवासी मजदूर भी शामिल है। बीडीओ रंजीता टोप्पो ने कहा कि प्रखंड प्रशासन मजदूरों को अपने गांव में मनरेगा एक्ट के तहत कार्य मुहैया करा रही है, ताकि श्रमिकों को परिवार चलाने में परेशानियों का सामना ना करना पड़े।