लोहरदगा में डिजिटल लूट, युवक को कट्टा दिखाकर QR कोड से वसूले पैसे
भंडरा के नंदिनी डैम के पास पांच अपराधियों ने एक युवक को देसी कट्टा दिखाकर क्यूआर कोड के जरिए 3500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए।

नंदिनी डैम पर युवक से कट्टा दिखाकर ऑनलाइन लूट। जागरण
HighLights
नंदिनी डैम पर युवक से कट्टा दिखाकर ऑनलाइन लूट।
अपराधियों ने QR कोड से 3500 रुपये ट्रांसफर करवाए।
संवाद सूत्र, भंडरा (लोहरदगा)। लोहरदगा के भंडरा थाना क्षेत्र के नंदिनी डैम के पास अपराधियों द्वारा हथियार के बल पर एक युवक से ऑनलाइन लूटपाट करने का एक अनोखा मामला सामने आया है। पांच अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को देसी कट्टा दिखाकर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवाए।
हालांकि पीड़ित की गरीबी की दुहाई सुनने के बाद अपराधियों का दिल पसीज गया और उन्होंने लूटी गई रकम में से अधिकांश पैसे वापस भी कर दिए। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया।
जानकारी के अनुसार, भंडरा थाना क्षेत्र के भीठा गांव निवासी लालदेव उरांव के पुत्र सुमित उरांव मोटरसाइकिल धोने के लिए नंदिनी डैम गया हुआ था। वहां उसे अकेला पाकर पांच अज्ञात अपराधी पहुंचे और देसी कट्टा तान दिया।

अपराधियों ने सुमित से पैसों की मांग की। जब सुमित ने कहा कि उसके पास नकदी नहीं है, तो एक अपराधी ने तुरंत अपना क्यूआर कोड निकाल लिया और ऑनलाइन पैसे भेजने को कहा। डरे हुए सुमित ने तुरंत अपने पिता को फोन किया और अपराधियों के दिए गए क्यूआर कोड पर 3500 रुपये ट्रांसफर करवा दिए। पैसे मिलने के बाद भी अपराधी संतुष्ट नहीं हुए।
इस बीच सुमित भावुक हो गया और उसने अपराधियों के सामने गिड़गिड़ाते हुए अपने परिवार की बेहद खराब आर्थिक स्थिति और गरीबी का हवाला दिया। उन्होंने पीड़ित युवक के कहने पर उसके एक दोस्त के फोन-पे नंबर पर 2500 रुपये वापस ट्रांसफर कर दिए और मौके से फरार हो गए।
लूट की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता दलबल के साथ नंदिनी डैम पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संदेह के आधार पर एक मारुति 800 कार को जब्त किया है। साथ ही कार में सवार तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस इस अनोखे डिजिटल लूट कांड की जांच में जुट गई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।
