जागरण से मिली प्रेरणा तो जरूरतमंदों के बीच बांटी खाद्यान्न सामग्री Lohardaga News
दोनों ही व्यवसाई बंधुओं ने आम लोगों जरूरतमंद गरीब और असहाय लोगों की सहायता के लिए सार्थक कदम उठाया है। इन्होंने जरूरतमंदों के बीच खाद्यान्न उपलब्ध कराने का काम किया है।
जासं,लोहरदगा। कोरोना वायरस से पूरी दुनिया त्रस्त है। लोगों के रोजगार छिन गए हैं। लाखों लोगों के पास जीवन निर्वहन के लिए पर्याप्त भोजन तक उपलब्ध नहीं है। ऐसी स्थिति में कई लोगों ने समाज कल्याण का जिम्मा उठाया है। लोहरदगा जिले के सेन्हा प्रखंड मुख्यालय में स्थित कमला देवी राइस मिल प्राइवेट लिमिटेड के संचालक दीपक जायसवाल और पंकज जायसवाल भी उनमें से एक हैं। इन्होंने आम लोगों, जरूरतमंद, गरीब और असहाय लोगों की सहायता के लिए सार्थक कदम उठाया है। दोनों ही व्यवसाई बंधुओं ने घूम-घूम कर जरूरतमंदों के बीच खाद्यान्न उपलब्ध कराने का काम किया। इस दौरान कई कर्मयोगियों, गरीब जनता और जरूरतमंदों को खाद्यान्न उपलब्ध कराते हुए उनकी हर संभव सहायता करने का भरोसा भी दिलाया।
जरूरतमंद ले सकते हैं सहायता
दीपक जायसवाल कहते हैं कि हमें किसी भी स्थिति में मानवता नहीं छोड़नी चाहिए। आज का समय जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने का है। हमारा प्रयास होता है कि हम दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाते हुए उनकी समस्याओं का समाधान करें। इसी प्रयास में हम खाद्यान्न का वितरण करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। नियमित रूप से इसी प्रकार से हम अभियान चलाएंगे। जरूरतमंद उनसे संपर्क कर सहायता ले सकते हैं। लॉकडाउन की अवधि के दौरान कई ऐसे परिवार हैं, जिनके पास खाने के लिए पर्याप्त खाद्यान नहीं है। उन परिवारों को राहत देने को लेकर ही हमारा यह प्रयास है।
दैनिक जागरण के प्रयास से मिली प्रेरणा
दैनिक जागरण की प्रेरणा से कमला देवी राईस मिल के निदेशक दीपक जायसवाल, पंकज जायसवाल, मनोज जायसवाल, डब्लू जायसवाल, निलेश कुमार, प्रवीण पंकज के साथ मिलकर लोहरदगा के कर्मयोगी और जरूरतमंदों के बीच अखबार बिक्री केंद्र के समीप, बरवाटोली समेत कई स्थानों पर घूम-घूमकर 200 लोगों के बीच 5-5 किलोग्राम चावल और 2 से 3 किलो प्रति व्यक्ति आलू का वितरण किया। दीपक जायसवाल, पंकज जायसवाल ने बताया कि इस आपदा में जरुरतमंदों को सेवा करने के लक्ष्य के साथ उन्होंने 1000 जरुरतमंद लोगों को खाद्यान उपलब्ध कराने की सोची है। इसके तहत आज पहला दिन 200 लोगों को खाद्यान उपलब्ध कराया और यह अभियान जारी रहेगा।