प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा स्कूलों में मध्याह्न भोजन योजना
गुमला : गुमला जिला के स्कूल रसोइया संयोजिका 19 जनवरी दिन शुक्रवार को सामूहिक अवकाश पर र
गुमला : गुमला जिला के स्कूल रसोइया संयोजिका 19 जनवरी दिन शुक्रवार को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इस दिन राज्य भर के रसोइया संयोजिका अपने मांगों को लेकर विधान सभा का घेराव करेंगे। झारखंड राज्य विद्यालय रसोइया संयोजिका अध्यक्ष संघ के आह्वान पर राज्य भर के रसोइया संयोजिका विद्यालयों में अपना काम बंद कर रांची आएंगे। रसोइया संयोजिकओं के सामूहिक अवकाश से विद्यालयों का मध्याह्न भोजन प्रभावित न हो इसके लिए जिला शिक्षा अधीक्षक गनौरी मिस्त्री ने अपने कार्यालय से आदेश पत्र जारी किया है। जारी आदेश में गुमला के सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के माध्यम से 19 जनवरी को बच्चों को मध्याह्न भोजन खिलाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा है कि स्कूली बच्चों को प्रतिदिन मध्याह्न भोजन दिया जाना है। यह सुप्रीम कोर्ट का भी आदेश है। विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना को रसोइया संयोजिका के अवकाश से प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए विद्यालय के प्रधानाध्यापक से वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
-----
मांगों के समर्थन में जारी रहेगा आंदोलन
रसोइया संयोजिका अध्यक्ष संघ के जिला अध्यक्ष देवकी देवी ने कहा है कि अपने हक अधिकार के लिए उनका आंदोलन जारी रहेगा। राज्य सरकार रसोइया संयोजिकाओं का शोषण कर रहा है। यह बदार्शत नहीं किया जाएगा। अधिकार के लिए 19 जनवरी को आर पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। संघ का प्रमुख मांगे रसोइया संयोजिका व अध्यक्षों का 18 हजार रुपये मानदेय का निर्धारण, साठ वर्षों तक कार्य काल निर्धारित करने, बीमा सहित अन्य सुविधाएं राज्य स्तरीय मांग है। गुमला में अकारण हटाए गए रसोइया को फिर से सेवा में वापस लेना आदि शामिल है। देवकी देवी ने कहा कि गुमला में हटाए गए रसोइया को वापस काम पर बहाल करने के लिए शिक्षा सचिव का आदेश के बाद भी प्रखंड स्तर व विद्यालय स्तर पर उन्हें काम पर नहीं रखा जा रहा है और मानदेय भी लंबित है। जब तक मांग पूरा नहीं होगा उनका आंदोलन चलता रहेगा।