मिट्टी के नीचे दब कर महिला की हुई मौत
लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के मुरपा गांव में मिट्टी धंसने से मिट्टी के नीचे दब कर महिला की मौत हो गई। इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक प्रमिला विगत कई वर्षों से ईंटा गांव
लोहरदगा : लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के मुरपा गांव में मिट्टी धंसने से मिट्टी के नीचे दब कर महिला की मौत हो गई। इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक प्रमिला विगत कई वर्षों से ईंटा गांव निवासी श्रवण उरांव के साथ लिव इन रिलेशनशीप में रह रही थी। बताया जा रहा है कि सदर थाना क्षेत्र के ईंटा गांव से दर्जन भर महिला-पुरुष एक ट्रैक्टर में दूधी मिट्टी लाने को लेकर सेन्हा थाना क्षेत्र के मुरपा गांव स्थित टोंगरी में गए हुए थे। ईटा गांव में सरहुल होने के कारण ग्रामीण अपने घरों की रंगाई-पुताई करने को लेकर दूधी मिट्टी का इस्तेमाल करते हैं। इसी वजह से मिट्टी लाने को लेकर ग्रामीण मुरपा गांव गए हुए थे। ग्रामीणों के साथ प्रमिला उरांव (20 वर्ष), अविनाश उरांव, शांति उरांव, सुनील उरांव, रंथी उरांव आदि भी मुरपा गांव गए हुए थे। सभी मुरपा गांव में अलग-अलग गड्ढे में उतर कर मिट्टी निकाल रहे थे। तभी प्रमिला के गड्ढे से मिट्टी का एक बड़ा भाग प्रमिला के उपर गिर गया। जिससे प्रमिला मिट्टी के नीचे दब गई। वहां मौजूद अन्य महिलाओं ने प्रमिला को आधे घंटे की मश्शकत के बाद मिट्टी हटा कर बाहर निकाला। उसे सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्रमिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष मनीर उरांव, चरहु गांव निवासी धनंजय पांडे आदि ग्रामीण भी सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना से गांव में सरहुल का उत्साह फीका पड़ गया है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।