बंद को लेकर चौकस रही पुलिस
कैरो (लोहरदगा): पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य में बढ़ोतरी का कैरो प्रखंड में भी असर देखा
कैरो (लोहरदगा): पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य में बढ़ोतरी का कैरो प्रखंड में भी असर देखा गया। बंद को लेकर पुलिस-प्रशासन और बंद समर्थकों के बीच लुकाछिपी का खेल देखने को मिला। बंद को लेकर पुलिस-प्रशासन मुस्तैद नजर आई। जगह-जगह पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। किसी भी स्थिति से निपटने को लेकर पुलिस अलर्ट पर रही। वहीं बंद को सफल बनाने के लिए बंद समर्थक सड़क पर उतरे। जिन्हें पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान कैरो के विभिन्न स्थानों से कुल 22 बंद समर्थकों को गिरफ्तार किया गया। जिन्हें कैंप जेल में रखा गया था। प्रखंड मुख्यालय के विभिन्न चौक-चौराहों में बंद के मद्देनजर पुलिस तैनात थी। थाना प्रभारी रामाशीष पासवान दल-बल के साथ क्षेत्र में लगातार गश्ती कर बंद समर्थकों पर नजर बनाए हुए थे। क्षेत्र में बंद के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। पुलिस प्रशासन द्वारा बंद को लेकर पल-पल की खबर जिला कंट्रोल रूम को सूचना दी जा रही थी।