जीवन जीने की कला सीखाता है खेल : सुखदेव भगत
लोहरदगा में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
संवाद सूत्र, सेन्हा (लोहरदगा) : सेन्हा प्रखंड के सिठियो खेल मैदान में आदिवासी अखड़ा समिति के तत्वावधान में आयोजित 15वां कार्तिक उरांव फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच रविवार को हुआ। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रांची लापुंग बनाम लोहरदगा की टीम के बीच हुआ। रोमांचक मैच में लापुंग की टीम एक गोल से विजय रही। पांच दिवसीय प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सुखदेव भगत व विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल पुलिस अवर निरीक्षक जगरनाथ उरांव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ खिलाड़ियों ने राष्ट्रगान से किया। मौके पर विधायक सुखदेव भगत ने कहा कि खेल जीवन जीने की कला सीखाता है। फुटबाल का खेल समूह का खेल है। सब का लक्ष्य एक रहता है, परंतु इसे मिलकर ही जीता जा सकता है। उन्होंने कहा कि आपसी तालमेल के दम पर ही कोई भी प्रतियोगिता में जीत हासिल हो सकती है। यह खेल आपसी सौहार्द एवं मित्रता को बढ़ावा देती है। विशिष्ट अतिथि जगरनाथ उरांव ने कहा कि खिलाड़ी नशा से दूर रहें तभी उन्हें मन मुताबिक सफलता हासिल हो सकती है। प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में लापुंग रांची बनाम लोहरदगा के बीच हुआ। जिसमें लापुंग रांची ने एक गोल से जीत दर्ज की। इसी तरह पुरुष वर्ग का मैच रातू रोड रांची बनाम चांदकोपा लोहरदगा के बीच हुआ। जिसमें रातू रोड रांची को हराकर चांदकोपा लोहरदगा ने खिताब पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में 40 वर्ष से ऊपर के खिलाड़ियों की टीम में कुंदगड़ी ने एस आर्मी टीम लोहरदगा को पराजित किया। मौके पर संजय बर्मन, रिपुसूदन साहू, फजल अब्बास, प्रमोद महतो, फूलदेव उरांव, मरियम लकड़ा, सुकरा उरांव, अनिल उरांव आदि मौजूद थे।